बिहार भाजपा अध्यक्ष जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दिया, नीतीश शाम को मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे

बिहार भाजपा अध्यक्ष जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दिया, नीतीश शाम को मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे

बिहार भाजपा अध्यक्ष जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दिया, नीतीश शाम को मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे
Modified Date: February 26, 2025 / 01:29 pm IST
Published Date: February 26, 2025 1:08 pm IST

पटना, 26 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने अपनी पार्टी की ‘एक नेता, एक पद’ की नीति का पालन करते हुए बुधवार की सुबह नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया।

सूचना और जनसंपर्क विभाग के अनुसार, जायसवाल का इस्तीफा शाम को होने जा रहे मंत्रिपरिषद के विस्तार से पहले आया है।

जायसवाल बिहार सरकार में महत्वपूर्ण राजस्व और भूमि सुधार मंत्री थे। राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने के साथ भाजपा के सत्ता में लौटने के बाद उन्हें पिछले साल जनवरी में मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था।

जुलाई में वह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की जगह राज्य के भाजपा अध्यक्ष बने थे।

उन्होंने इस्तीफे के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे प्रमुख जिम्मेदारियां देने और मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं पार्टी नेतृत्व का आभारी हूं। मुझे गर्व है कि मैंने एक मंत्री के रूप में 11 करोड़ से अधिक पृष्ठों के दस्तावेजों के रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण जैसा कार्य किया। मैं अब पूरे दिल से पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए खुद को समर्पित करूंगा।’’

जायसवाल ने मंगलवार रात को पटना में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में पार्टी की राज्य कोर समिति की बैठक के बाद अपने इस्तीफे की घोषणा की। पार्टी के नेताओं ने चर्चा का विवरण नहीं दिया। उन्होंने केवल यह कहा कि बैठक इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव पर केंद्रित थी।

जायसवाल ने इससे पहले पत्रकारों से कहा था, ‘‘मैं आज मंत्री पद से इस्तीफा देने जा रहा हूं। हमारी पार्टी के सिद्धांत एक नेता, एक पद’ के अनुसार, मैंने राजस्व और भूमि सुधार विभाग के मंत्री पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। मैं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करता रहूंगा।’’

सूचना और जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने कहा कि राजभवन में शाम चार बजे नए मंत्री शपथ लेंगे और राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।

राज्य मंत्रिमंडल में किसे शामिल किया जा सकता है, इस बारे में पूछे जाने पर जायसवाल ने कहा, ‘‘यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है।’’

विधानसभा चुनाव से पहले इस घटनाक्रम को महत्वपूर्ण राजनीतिक कदम माना जा रहा है।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में

IBC24 डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं, जहां मेरी जिम्मेदारी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति सहित प्रमुख विषयों की खबरों की कवरेज और प्रस्तुति है। वर्ष 2016 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हूं और अब तक 10 वर्षों का अनुभव प्राप्त किया है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य करते हुए न्यूज़ राइटिंग और डिजिटल टूल्स में दक्षता हासिल की है। मेरे लिए पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है—सटीक, तेज और असरदार जानकारी पाठकों तक पहुंचाना मेरा लक्ष्य है। बदलते डिजिटल दौर में खुद को लगातार अपडेट कर, कंटेंट की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।