पटना, 8 सितंबर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को वरिष्ठ पत्रकार संकर्षण ठाकुर के निधन पर शोक व्यक्त किया।
लंबी बीमारी के बाद सोमवार को गुड़गांव के एक अस्पताल में ठाकुर का निधन हो गया। वह 63 वर्ष के थे।
ठाकुर नीतीश कुमार के पुराने परिचित थे। उन्होंने नीतीश कुमार की जीवन पर आधारित दो पुस्तकें भी लिखी थीं।
पटना में जन्मे और पले-बढ़े ठाकुर के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में उनके दो पुस्तकों– ‘सिंगल मैन’ और ‘द ब्रदर्स बिहारी’ का उल्लेख किया।
‘सिंगल मैन’ पुस्तक का उपशीर्षक ‘द लाइफ एंड टाइम्स ऑफ नीतीश कुमार ऑफ बिहार’ है। उसमें जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सुप्रीमो नीतीश कुमार की 2014 तक की यात्रा का वर्णन किया गया है। ‘द ब्रदर्स बिहारी’ में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार और उनके कट्टर प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के समानांतर, लेकिन कभी-कभी परस्पर मिलते रास्तों को दर्शाया गया है।
राजद की ओर से लालू प्रसाद, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव एवं अन्य लोगों ने भी शोक व्यक्त किया। राजद के इन नेताओं के शोक संदेश में प्रेम भाटिया पुरस्कार जैसी ठाकुर की उपलब्धियों का ज़िक्र किया गया।
‘द टेलीग्राफ’ के संपादक ठाकुर का शब्द कौशल उनके विश्लेषणों और ज़मीनी रिपोर्टों को और भी धारदार बनाता था।
कैलाश भाषा
राजकुमार
राजकुमार