बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिवहर जिले में कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया

Ads

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिवहर जिले में कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 07:11 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 07:11 PM IST

शिवहर (बिहार), 19 जुलाई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को शिवहर जिले में 330 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

इनमें बागमती–बूढ़ी गंडक नदी इंटरलिंक परियोजना के तहत निर्मित एक ‘लिंक चैनल’ भी शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 68.80 किलोमीटर लंबा बेलवा–मीनापुर लिंक चैनल (बेलवाधार) का निर्माण 130.88 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है, जिससे कृषि उत्पादकता में वृद्धि होगी, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और ‘विकसित बिहार’ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान में कहा गया कि यह परियोजना बाढ़ प्रबंधन और सिंचाई की दृष्टि से भी अत्यंत प्रभावी साबित होगी।

सम्राट चौधरी ने शिवहर जिले में 22 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 18 अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इन सभी परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 200 करोड़ रुपये है।

सीएमओ ने बयान में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने बागमती–बूढ़ी गंडक नदी इंटरलिंक परियोजना के तहत बेलवा–मीनापुर (मुजफ्फरपुर जिला) लिंक चैनल का उद्घाटन किया। यह लिंक चैनल क्षेत्र में बाढ़ प्रबंधन और सिंचाई व्यवस्था को नई दिशा प्रदान करेगा।’’

गौरतलब है कि बेलवा शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड में स्थित है, जबकि मीनापुर मुजफ्फरपुर जिले में स्थित है।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप