बिहार के मुख्यमंत्री ने पैदल यात्रियों के लिए सड़कों को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए
बिहार के मुख्यमंत्री ने पैदल यात्रियों के लिए सड़कों को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए
पटना, 21 फरवरी (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पैदल यात्रियों के लिए सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिये अवरोधक, पैदल पार पथ, अंडरपास बनाने और जेब्रा क्रॉसिंग चिह्नित करने के निर्देश दिए।
इसी के साथ राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में दुर्घटना-संभावित क्षेत्रों की पहचान करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं और इन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे, जिससे स्थिति का आकलन कर सड़क हादसों को कम किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘राज्य सरकार ने सड़क पर चलने वाले नागरिकों की गरिमा और सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। परिवहन विभाग को भीड़भाड़ वाले शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द से जल्द जेब्रा क्रॉसिंग, अवरोधक, पैदल पार पथ और अंडरपास बनाने के निर्देश दिए गए हैं।’
उन्होंने बताया, ‘विभाग को राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में ‘ब्लैक स्पॉट’, यानी उन जगहों की पहचान करने का भी निर्देश दिया गया है, जहां सड़क दुर्घटनाओं की अत्यधिक संभावना रहती है।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी जगहों पर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ बनाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य सरकार की ‘सात निश्चय-3’ पहल के हिस्से के रूप में लिया गया है। इस ‘सात निश्चय’ (सात संकल्प) का उद्देश्य ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ है, ताकि राज्य के सभी नागरिकों के जीवन की कठिनाइयों को कम किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार मंत्रिमंडल ने प्रदेश को एक विकसित बनाने के उद्देश्य से हाल में ही 2025-2030 के लिए ‘सात निश्चय-3’ को लागू करने की मंजूरी दी है। राज्य सरकार 2015 से अब तक दो ‘सात निश्चय’ कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक लागू कर चुकी है।
भाषा
प्रचेता दिलीप
दिलीप

Facebook


