बिहार कांग्रेस प्रमुख ने ‘इंडिया’गठबंधन को लेकर तेजस्वी के बयान का बचाव किया
बिहार कांग्रेस प्रमुख ने ‘इंडिया’गठबंधन को लेकर तेजस्वी के बयान का बचाव किया
पटना, नौ जनवरी (भाषा) बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव की उस टिप्पणी का बृहस्पतिवार को बचाव किया जिसमें कहा गया था कि ‘इंडिया’ गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था।
सिंह ने कहा कि यादव ने यह टिप्पणी दिल्ली विधानसभा चुनाव के संदर्भ में की थी जहां ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसमें कुछ भी असामान्य नहीं हैं, क्योंकि दोनों दलों ने पंजाब में लोकसभा चुनाव भी अलग अलग लड़ा था। पंजाब में भी ‘आप’ की सरकार है।
राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘बिहार में हमारे गठबंधन को लेकर कोई संदेह नहीं होना चाहिए, जहां कांग्रेस और राजद लंबे समय से साथ हैं।’
यादव ने हाल में बक्सर जिले में संवाददाताओं से कहा था कि दिल्ली में कांग्रेस और ‘आप’ के विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ने में कुछ भी असामान्य नहीं है, क्योंकि यह दोनों दल ‘केवल लोकसभा चुनाव के लिए’ साथ आए थे।
उन्होंने यह भी कहा कि राजद ने अबतक यह तय नहीं किया है कि वह पांच फरवरी को होने वाला दिल्ली विधानसभा चुनाव कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ेगी या नहीं, लेकिन बिहार में तस्वीर साफ है जहां ‘हम लंबे समय से साथ हैं।’ बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगियों ने यादव के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उनका कहना है कि अगर सहयोगियों को लगता है कि लोकसभा चुनाव के बाद गठबंधन की जरूरत नहीं है तो इसे समाप्त कर दिया जाना चाहिए।
इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सिंह ने बताया कि पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी इस महीने के अंत में बिहार का दौरा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘यह दौरा 18 जनवरी को प्रस्तावित है। कल दिल्ली में एक बैठक निर्धारित है। हम उसके बाद कार्यक्रम की पुष्टि करेंगे।’
उनसे राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए ‘दरवाजे अब भी खुले हैं’ टिप्पणी के बारे में पूछा गया। इस पर सिंह ने कहा, ‘राजनीति में दरवाजे हमेशा खुले रहने चाहिए। इसके अलावा, जनता दल (यू) के अध्यक्ष की समाजवादी पृष्ठभूमि है और वैचारिक रूप से हम समान हैं।”
भाषा अनवर राजकुमार नोमान
नोमान

Facebook


