पटना, 23 सितंबर (भाषा) बिहार पुलिस के एक सिपाही ने पटना के दानापुर इलाके में कथित तौर पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से पहले बहन को गोली मारी और फिर उसी हथियार से खुद को गोली मारकर जान दे दी। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मृतक सिपाही की पहचान ओम चंद्र के रूप में हुई है। वह पूर्वी चंपारण जिले में तैनात था।
पटना के नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) संकल्प कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मंगलवार शाम दानापुर थाने को सूचना मिली कि दो लोगों को गोली लगी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां सिपाही ने कथित तौर पर अपने घर के भीतर पहले अपनी बहन को गोली मारी और बाद में खुद को गोली मार ली।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस के पहुंचने तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
एसपी ने कहा कि घटनास्थल से मृतक की सर्विस रिवॉल्वर तथा कुछ कारतूस बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और जांच में सहायता के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा कैलाश
गोला
गोला