फिच ने भारत की वित्त वर्ष 2026-27 की जीडीपी वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 6.9 प्रतिशत किया

Ads

फिच ने भारत की वित्त वर्ष 2026-27 की जीडीपी वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 6.9 प्रतिशत किया

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 10:48 AM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 10:48 AM IST

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) फिच रेटिंग्स ने बुधवार को चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि का अनुमान 6.4 प्रतिशत से बढ़ाकर 6.9 प्रतिशत कर दिया।

रेटिंग एजेंसी ने अप्रैल- जून तिमाही में मजबूत आर्थिक वृद्धि और अर्थव्यवस्था की समग्र मजबूती का हवाला दिया।

फिच के अनुसार, शेष वित्त वर्ष में भारत की आर्थिक वृद्धि की गति धीमी पड़ने की संभावना है। इसके कारण भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) अक्टूबर की मौद्रिक नीति बैठक में ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर सकता है।

फिच ने कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है कि ‘‘2026 की पहली छमाही में व्यापार शर्तों में आई बड़ी गिरावट के बावजूद अमेरिकी-ईरान युद्ध से लगे झटके के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूती दिखाई है।’’

उसने कहा कि क्रय प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) सर्वेक्षण के आंकड़े विनिर्माण और सेवा दोनों क्षेत्रों में विस्तार की रफ्तार धीमी होने का संकेत देते हैं। सामान्य से कम मानसूनी बारिश का असर कृषि और ग्रामीण मांग की वृद्धि पर पड़ेगा, जबकि बढ़ती मुद्रास्फीति से वास्तविक आय और उपभोक्ता गतिविधियां प्रभावित होंगी।

फिच ने कहा, ‘‘निजी निवेश की संभावनाएं अधिक मजबूत दिख रही हैं और हमें उम्मीद है कि निवेश में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि होगी। गैर-खाद्य ऋण की वृद्धि जुलाई में सालाना आधार पर 19 प्रतिशत रही।’’

फिच ने कहा कि कुल जीडीपी वृद्धि 6.9 प्रतिशत रहेगी, जो जून में लगाए गए 6.4 प्रतिशत के अनुमान से अधिक है।

फिच ने कहा, ‘‘मजबूत मांग, कीमतों में वृद्धि और प्रतिकूल आपूर्ति संबंधी घटनाक्रमों को देखते हुए हमारा अनुमान है कि आरबीआई इस साल अक्टूबर में दरों में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर इसे 5.5 प्रतिशत कर देगा। इसके बाद 2027 की शुरुआत में इसमें और बढ़ोतरी कर 5.75 प्रतिशत किए जाने की उम्मीद है और फिर 2028 में दर घटकर 5.5 प्रतिशत पर आ सकती है।’’

एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि का अनुमान सात प्रतिशत लगाया है। मूडीज रेटिंग्स ने भी पिछले सप्ताह सात प्रतिशत वृद्धि का अनुमान जताया था।

भारतीय अर्थव्यवस्था पिछले वित्त वर्ष (2025-26) में 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी थी।

भाषा योगेश

योगेश