बिहार : गौतम अदाणी सारण में नेत्र अस्पताल के ‘भूमि पूजन’ में शामिल हुए
बिहार : गौतम अदाणी सारण में नेत्र अस्पताल के ‘भूमि पूजन’ में शामिल हुए
(तस्वीरों के साथ)
पटना, 17 मई (भाषा) देश के शीर्ष उद्योगपतियों में से एक गौतम अदाणी ने रविवार को बिहार के सारण जिले में एक नेत्र अस्पताल के शिलान्यास समारोह में हिस्सा लिया।
इस अस्पताल के पूरा होने पर, प्रतिवर्ष 3.3 लाख तक सर्जरी की जाएंगी और 1,000 पेशेवरों को प्रशिक्षण प्राप्त होगा।
अदाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अदाणी ने बिहार की राजधानी पटना से करीब 70 किलोमीटर दूर मस्तीचक में स्थित ‘अखंड ज्योति नेत्र अस्पताल’ के ‘‘भूमि पूजन’’ में हिस्सा लिया। इस अस्पताल के निर्माण के लिए अदाणी समूह ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्य (सीएसआर) शाखा, अदाणी फाउंडेशन की ओर से 150 करोड़ रुपये देने की प्रतिबद्धता जताई।
उनके दौरे के दौरान उनकी पत्नी एवं अदाणी फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रीति भी साथ थीं। उन्होंने कहा कि वह ‘‘सेवा ही साधना है’’ के दर्शन में विश्वास करते हैं।
अदाणी ने देश भर में दीर्घकालिक मानवीय और सामुदायिक स्वास्थ्य देखभाल मिशन को बढ़ावा देने के प्रयास में गैर-लाभकारी ‘अखंड ज्योति फाउंडेशन’ को ‘500 करोड़ रुपये की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता’ की घोषणा की।
समूह द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, नया ‘अदाणी अखंड ज्योति फाउंडेशन’ बिहार से परे भारत के वंचित क्षेत्रों में किफायती दृष्टि देखभाल और सामुदायिक स्वास्थ्य देखभाल तक पहुंच का विस्तार करेगा।
इसमें कहा गया कि अदाणी फाउंडेशन बिहार के भागलपुर जिले में अदाणी समूह द्वारा 27 हजार करोड़ रुपये की संभावित लागत से स्थापित किए जा रहे 2,400 मेगावाट ताप विद्युत सयंत्र के पास पीरपैंती में 200 बिस्तरों वाले एक अस्पताल का भी निर्माण करेगा।
गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि बिहार हमेशा से राष्ट्र को नई चेतना प्रदान करने वाली भूमि रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘अदाणी अखंड ज्योति फाउंडेशन बिहार में जन्मी सेवा भावना को भारत भर के वंचित समुदायों तक पहुंचाने का प्रयास करेगा।’’
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


