तकनीक के भविष्य की ओर अग्रसर है बिहार : ब्रिटेन के मंत्री कनिष्क नारायण

तकनीक के भविष्य की ओर अग्रसर है बिहार : ब्रिटेन के मंत्री कनिष्क नारायण

तकनीक के भविष्य की ओर अग्रसर है बिहार : ब्रिटेन के मंत्री कनिष्क नारायण
Modified Date: February 21, 2026 / 03:42 pm IST
Published Date: February 21, 2026 3:42 pm IST

पटना, 21 फरवरी (भाषा) ब्रिटेन के एआई और ऑनलाइन सुरक्षा मंत्री कनिष्क नारायण दो दशकों से अधिक समय के बाद शनिवार को बिहार लौटे। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि राज्य “तकनीक के भविष्य की ओर अग्रसर है ”।

नारायण सुबह पटना पहुंचे और उन्होंने जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से उनके आवास पर मुलाकात की।

नारायण ने कहा, “जन्म यहीं हुआ, मैं 20 से अधिक वर्षों के बाद वापस आया हूं। आप यहां व्यापक प्रगति होते देख सकते हैं। ब्रिटेन की तरह ही बिहार भी तकनीक के भविष्य की ओर अग्रसर है।”

वे नयी दिल्ली में 16 से 21 फरवरी तक आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में भाग लेने के लिए भारत आए हैं।

नारायण ने कहा, “बिहार आकर मुझे बेहद खुशी हो रही है और मैं जल्द ही मुजफ्फरपुर के लिए रवाना होऊंगा, जहां मेरा बचपन बीता था।”

जदयू नेता झा ने संकेत दिया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में बिहार और ब्रिटेन के बीच सहयोग की संभावनाएं हो सकती हैं।

उन्होंने कहा, “इस मिट्टी का बेटा होने के नाते, वह निश्चित रूप से इस विषय पर कुछ समर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे। बिहार पहले से ही सेमीकंडक्टर, डेटा और एआई पर कई नीतियां लेकर आया है।”

झा ने दावा किया कि एआई पर बिहार की नीति देश में “सबसे बेहतर” है और राज्य की बड़ी युवा आबादी इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति कर रही है।

उन्होंने स्वास्थ्य सेवा, कृषि और सेवा क्षेत्र में एआई के व्यापक इस्तेमाल और इसकी उपयोगिता पर जोर दिया। झा ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार एआई तकनीक को अपनाने में किसी भी अन्य राज्य से पीछे नहीं रहेगा।

भाषा प्रचेता प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में