किशनगंज (बिहार), 27 फरवरी (भाषा) पुलिस ने बिहार के किशनगंज जिले में शुक्रवार को करीब 1.23 करोड़ रुपये मूल्य का 246 किलोग्राम गांजा जब्त किया और इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधुबनी जिले के रहने वाले मोहम्मद इम्तियाज और विजय कुमार ठाकुर के रूप में हुई है।
किशनगंज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संतोष कुमार ने कहा, “जांच के लिए सीमेंट से लदे असम की पंजीकण संख्या वाले एक ट्रक को रोका गया। दंडाधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर सीमेंट की खेप के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खांचे में छिपाकर रखे गए 39 पैकेट में गांजा बरामद किया गया। इसका कुल वजन 246 किलोग्राम है।”
उन्होंने बताया कि यह जांच ठाकुरगंज अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ)-2 मंगलेश कुमार के नेतृत्व में इस गोपनीय सूचना के आधार पर की गई कि गलगलिया मार्ग से असम से बिहार के लिए मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है।
एसपी ने बताया कि चालक, सहचालक और ट्रक मालिक के खिलाफ गलगलिया थाने में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कुमार ने होली से पहले इस बरामदगी और गिरफ्तारी को बड़ी सफलता बताते हुए कहा, “हम तस्करी नेटवर्क के संबंध में जांच कर रहे हैं। पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग मिले हैं और आगे की जांच जारी है।”
भाषा कैलाश सिम्मी
सिम्मी