बिहार: बकाया मजदूरी मांगने पर व्यक्ति की हत्या के मामले में तेजस्वी का भाजपा नीत सरकार पर निशाना
बिहार: बकाया मजदूरी मांगने पर व्यक्ति की हत्या के मामले में तेजस्वी का भाजपा नीत सरकार पर निशाना
पटना, आठ अगस्त (भाषा) बिहार के रोहतास में खेत मालिक से अपने खेत मजदूर बेटे की बकाया मजदूरी मांगने गए 60 वर्षीय व्यक्ति की कथित रूप से गोली मारकर हत्या किए जाने के कुछ दिन बाद शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने भाजपा नीत सरकार पर ‘अपराधियों को बचाने’ का आरोप लगाया।
जोगिया गांव में चार अगस्त को चंद्रेश्वर चौधरी की हत्या कर दी गई थी और उनका शव कथित रूप से पास की नहर में फेंक दिया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को नहर से शव बरामद किया गया।
रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि आरोपी और उसके बेटे ऋतिक तिवारी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।
राजद के वरिष्ठ नेता यादव ने कहा, “एक व्यक्ति अपने बेटे की मजदूरी मांगने के लिए जमीन मालिक के पास गया था, लेकिन उसकी हत्या कर दी गई। मैं पीड़ित परिवार से मिलने जा रहा हूं, जो अति पिछड़ा वर्ग से है। मैं पार्टी की ओर से उन्हें कुछ आर्थिक मदद दूंगा।”
मृतक के परिवार से मिलने के लिए रोहतास रवाना होने से पहले उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार राज्य में “अपराधियों को बचाने” की कोशिश कर रही है।
यादव ने कहा, “जब से सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य की जिम्मेदारी संभाली है, तब से अपराध में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। दुर्भाग्य से, बिहार में अपराधियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।”
उन्होंने आरोप लगाया, “सरकार का खजाना खाली है, जबकि भ्रष्टाचार और अपराध बढ़ रहे हैं।”
भाषा जोहेब माधव
माधव

Facebook


