माकपा ने बिहार में अपने दो मौजूदा विधायकों को फिर उम्मीदवार बनाने की घोषणा की

माकपा ने बिहार में अपने दो मौजूदा विधायकों को फिर उम्मीदवार बनाने की घोषणा की

माकपा ने बिहार में अपने दो मौजूदा विधायकों को फिर उम्मीदवार बनाने की घोषणा की
Modified Date: October 10, 2025 / 04:29 pm IST
Published Date: October 10, 2025 4:29 pm IST

पटना, 10 अक्टूबर (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने शुक्रवार को कहा कि बिहार विधानसभा के उसके दो सदस्य अजय कुमार और सत्येंद्र यादव अपने वर्तमान क्षेत्र से ही चुनाव लड़ेंगे।

कुमार समस्तीपुर जिले की विभूतिपुर और यादव सारण जिले की मांझी से विधायक हैं।

माकपा की राज्य समिति के सदस्य मनोज चंद्रवंशी ने बताया कि पार्टी के अन्य उम्मीदवारों के नाम महागठबंधन में सीट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद घोषित किए जाएंगे।

पार्टी महासचिव एमए बेबी की उपस्थिति में हुई माकपा की राज्य समिति की बैठक में कुमार और यादव को दोबारा उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया गया।

वामपंथी दल की ओर से जारी बयान के अनुसार, बेबी ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर प्रचार करने और पार्टी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने की अपील की।

विभूतिपुर और मांझी विधानसभा सीटों पर छह नवंबर को मतदान होगा।

नीतीश कुमार सरकार पर चुनाव से ठीक पहले ‘‘लोकलुभावन घोषणाएं’’ करने का आरोप लगाते हुए बेबी ने कहा कि सरकार ने पिछले 20 वर्षों में आम जनता की परेशानियों की कोई परवाह नहीं की।

उन्होंने कहा, “अब जब इस सरकार की विदाई होने वाली है तो वह सत्ता में बने रहने और लोगों को धोखा देने के लिए तरह-तरह की घोषणाएं कर रही है। लेकिन जनता सरकार की नीयत समझ चुकी है। इस बार नीतीश कुमार सरकार का जाना तय है और महागठबंधन की सरकार बनना निश्चित है।”

बैठक में माकपा पोलित ब्यूरो के सदस्य ए. विजय राघवन और अशोक धावले भी मौजूद थे।

भाषा कैलाश

जितेंद्र हक

हक


लेखक के बारे में