पटना में जहरीली शराब से मौत : तेजस्वी ने बिहार सरकार पर निशाना साधा

पटना में जहरीली शराब से मौत : तेजस्वी ने बिहार सरकार पर निशाना साधा

पटना में जहरीली शराब से मौत : तेजस्वी ने बिहार सरकार पर निशाना साधा
Modified Date: August 31, 2026 / 02:53 pm IST
Published Date: August 31, 2026 2:53 pm IST

पटना, 31 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने पटना जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत को लेकर सोमवार को बिहार सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है।

पटना जिले के बाढ़ क्षेत्र में रविवार को कथित तौर पर जहरीली शराब पीने के बाद कम से कम चार लोगों की मौत हो गई।

घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए यादव ने कहा, ‘‘बिहार में यह कोई अकेली घटना नहीं है। ऐसी मौतें लगातार हो रही हैं। बड़े पैमाने पर लापरवाही बरत रहा प्रशासन इस मामले को देखे।’’

राजद नेता ने दावा किया ‘‘पिछड़े वर्गों से आने वाले गरीब लोग अपनी जान गंवा रहे हैं’’ और उन पर जहरीली शराब बनाने के बहाने ‘‘मामले दर्ज कर उन्हें जेल भी भेजा जा रहा है।’’

उन्होंने इन मौतों की गहन जांच की मांग की।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी घटना को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ बताया और कहा कि राज्य सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘पटना के बाढ़ इलाके में कथित रूप से जहरीली शराब से हुई मौतें बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। राज्य सरकार इस मुद्दे को लेकर गंभीर है और उसने जांच के आदेश दिए हैं। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’

राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राज्य में जहरीली शराब से मौत की घटनाएं अक्सर हो रही हैं। उन्होंने लोगों से शराब का सेवन छोड़ने की अपील की।

कुशवाहा ने कहा, ‘‘अगर यह जहरीली शराब है तो इससे तत्काल मौत हो जाती है। अगर यह जहरीली नहीं भी है, तब भी यह लोगों को मौत की दिशा में ले जाती है। लोगों को यह बात समझनी चाहिए और शराब का सेवन छोड़ देना चाहिए।’’

उन्होंने स्थानीय प्रशासन से भी मामले की जांच करने का आग्रह किया।

भाषा मनीषा नरेश

नरेश


लेखक के बारे में