बिहार में बनेगा रक्षा गलियारा: सम्राट चौधरी

बिहार में बनेगा रक्षा गलियारा: सम्राट चौधरी

बिहार में बनेगा रक्षा गलियारा: सम्राट चौधरी
Modified Date: February 4, 2026 / 06:44 pm IST
Published Date: February 4, 2026 6:44 pm IST

पटना, चार फरवरी (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि राज्य में रक्षा गलियारे का निर्माण कराया जाएगा जिससे न केवल राज्य की औद्योगिक क्षमता सुदृढ़ होगी, बल्कि युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

रक्षा मंत्रालय की ओर से अध्ययन दौरे पर बिहार आए राष्ट्रीय सुरक्षा अकादमी (एनडीए) के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों से उपमुख्यमंत्री की बुधवार को मुलाकात हुई।

इस दौरान चौधरी और अधिकारियों के बीच बिहार में प्रस्तावित रक्षा गलियारे की योजनाओं, संभावनाओं और विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सार्थक और विस्तृत चर्चा हुई।

चौधरी ने कहा कि यह बैठक बिहार के औद्योगिक और सामरिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पिछले पांच वर्षों में राज्य में 50 लाख से अधिक लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया गया है।”

उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

चौधरी ने कहा, “सरकार की प्राथमिकता है कि बिहार के लोगों को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े और उन्हें अपने ही राज्य में बेहतर अवसर मिलें। इसी उद्देश्य से उद्योगों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।”

उन्होंने बताया कि गया जी जिले के डोभी क्षेत्र में एक विशाल औद्योगिक गलियारा विकसित किया जा रहा है, जो आने वाले समय में राज्य के विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा।

चौधरी ने कहा कि इसके साथ ही राज्य में सेमीकंडक्टर विनिर्माण पार्क की स्थापना तथा भागलपुर सहित अन्य स्थानों पर नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है। उनके मुताबिक, रक्षा गलियारे के निर्माण से बिहार रक्षा उत्पादन और तकनीकी क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ‘डबल इंजन’ की सरकार बिहार को उद्योग और रोजगार का केंद्र बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय की अध्ययन टीम के साथ हुई यह बैठक उसी दिशा में एक ठोस पहल है।

भाषा कैलाश नोमान

नोमान


लेखक के बारे में