ईडी ने ‘डिजिटल काम’ ठगी मामले में बिहार के मुंगेर में छापे मारे
ईडी ने ‘डिजिटल काम’ ठगी मामले में बिहार के मुंगेर में छापे मारे
पटना, छह अगस्त (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ‘डिजिटल काम’ दिलाने की आड़ में लोगों को कथित रूप से ठगे जाने से संबद्ध एक धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में बृहस्पतिवार को बिहार के मुंगेर जिले में विभिन्न स्थानों पर छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि आरोपी ने कथित रूप से लोगों को ‘डिजिटल काम’ दिलाने तथा उनके निवेश किये पैसे को दोगुना करने का लालच दिया।
उन्होंने कहा कि ईडी ने मुंगेर पुलिस द्वारा 2024 में दर्ज की गयी प्राथमिकी एवं दाखिल किये गये आरोपपत्र का संज्ञान लेकर धनशोधन रोकथाम अधिनियम के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया।
अधिकारियों ने बताया कि मुंगेर और जमालपुर इलाकों में कई लोगों के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी की गई। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के तहत निदेशालय लगभग पांच जगहों पर छापेमारी कर रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, निवेशकों को बताया गया कि 2.56 लाख रुपये का निवेश करके और हर महीने कंपनी की वेबसाइट पर 4,800 ऑडियो/वीडियो क्लिप देखकर वे 15,000 रुपये प्रतिमाह कमा सकते हैं। आरोपियों ने निवेशकों से ज़्यादा क्लिप देखने पर अतिरिक्त बोनस का वादा भी किया था।
ईडी के अनुसार, कंपनी ने नए निवेशकों को जोड़ने के लिए लोगों को अतिरिक्त पैसे और मोटरसाइकिल एवं कार जैसे तोहफ़े देने का लालच दिया, खासकर उन्हें, जो बड़ी संख्या में नए लोगों को लाते थे।
ईडी ने पाया कि निवेश इकट्ठा करने के बाद, कंपनी से जुड़े एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने जानबूझकर वेबसाइट को धीमा कर दिया, जिससे उपयोगकर्ताओं के लिए हर महीने 4,800 ऑडियो/वीडियो देखने का ज़रूरी काम पूरा करना तकनीकी रूप से नामुमकिन हो गया।
एजेंसी अब उन निवेशकों के फंड का पता लगा रही है, जिसका आरोपी ने कथित तौर पर शोधन किया था।
भाषा
राजकुमार सुरेश
सुरेश

Facebook


