सुपौल में 100 वायरलेस संचार उपकरण, 2.63 लाख रुपये की नेपाली मुद्रा जब्त
सुपौल में 100 वायरलेस संचार उपकरण, 2.63 लाख रुपये की नेपाली मुद्रा जब्त
पटना, पांच अगस्त (भाषा) बिहार के सुपौल जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षाबलों ने बुधवार को दो अलग-अलग अभियानों में 100 हाई-फ्रीक्वेंसी वायरलेस संचार उपकरण और 2.63 लाख रुपये मूल्य की नेपाली मुद्रा जब्त की।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित थाना और विभाग को सौंप दिया गया।
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि नियोर सीमा चौकी (बीओपी) पर नेपाल की ओर जा रही एक संदिग्ध एसयूवी को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
उन्होंने बताया कि वाहन की डिक्की से 50 ‘बाओफेंग’ वॉकी-टॉकी सेट और 50 पोर्टेबल वायरलेस संचार उपकरण बरामद किए गए।
सिंह के मुताबिक, तलाशी के दौरान मिले बिल से पता चला कि यह खेप दिल्ली के चांदनी चौक स्थित एक व्यापारी समूह से भेजी गई थी और इसे नेपाल के कुनौली स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी तक पहुंचाया जाना था।
सिंह ने बताया कि एसयूवी चालक की पहचान नेपाल के सप्तरी जिले के रहने वाले देवानंद मिश्रा के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि मिश्रा ने पूछताछ में बताया कि इस खेप को पहुंचाने के लिए उसे एक हजार रुपये देने का वादा किया गया था।
सिंह के अनुसार, बरामद वायरलेस उपकरणों के लिए वायरलेस प्लानिंग एंड कोऑर्डिनेशन (डब्ल्यूपीसी) की आवश्यक अनुमति नहीं थी। उन्होंने बताया कि उपकरणों को आगे की कार्रवाई के लिए दगमारा थाने को सौंप दिया गया।
एक अन्य अभियान में एसएसबी के कटैया सीमा चौकी के जवानों ने नेपाल से भारत आ रहे रवींद्र यादव की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 2.63 लाख रुपये मूल्य की नेपाली मुद्रा बरामद की गई।
अधिकारियों ने बताया कि एसएसबी ने नेपाली मुद्रा जब्त कर आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग को सौंप दिया है।
उन्होंने बताया कि दोनों घटनाओं के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।
भाषा
कैलाश पारुल
पारुल

Facebook


