पटना के वीआईपी इलाके में खाली शराब की बोतलें बरामद
पटना के वीआईपी इलाके में खाली शराब की बोतलें बरामद
पटना, 22 मई (भाषा) बिहार की राजधानी पटना के अति सुरक्षित माने जाने वाले एक इलाके से पुलिस ने शराब की खाली बोतलें बरामद की हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बिहार में 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है और राज्य में शराब की बिक्री तथा सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित है।
अधिकारियों के अनुसार, शराब की खाली बोतलें एक बैग में पेड़ के नीचे मिलीं। यह स्थान ऐसे इलाके में है जहां कई मंत्रियों और शीर्ष नौकरशाहों के सरकारी आवास स्थित हैं। मुख्यमंत्री आवास भी इसी स्थान के निकट है, जहां से ये खाली बोतलें बरामद की गई हैं।
पटना (मध्य) की पुलिस अधीक्षक दीक्षा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हां, उच्च सुरक्षा क्षेत्र में स्थित एक स्थान से शराब की कुछ खाली बोतलें बरामद की गई हैं। जांचकर्ताओं ने मौके से खाली बोतलें जब्त कर ली हैं और उनका विश्लेषण किया जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।’’
हाल में पटना सचिवालय परिसर के भीतर एक कूड़ेदान से भी शराब की दो खाली बोतलें मिली थीं, जिसके बाद हलचल मच गई थी।
पिछले महीने पूर्वी चंपारण जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई थी।
भाषा कैलाशपति
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


