सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में गोलीबारी, कार्यपालक पदाधिकारी की मौत; सभापति गंभीर रूप से घायल

Ads

सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में गोलीबारी, कार्यपालक पदाधिकारी की मौत; सभापति गंभीर रूप से घायल

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 09:18 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 09:18 PM IST

भागलपुर, 28 अप्रैल (भाषा) बिहार के भागलपुर जिले में सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को नकाबपोश अपराधियों ने घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें कार्यपालक पदाधिकारी की मौत हो गई, जबकि नगर परिषद के सभापति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई जब अपराधी कार्यालय में घुसे और सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू तथा कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद पर गोली चला दी। गोली लगने से कृष्ण भूषण प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि घायल सभापति राजकुमार को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यादव ने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

तकनीकी प्रकोष्ठ की मदद से छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि घटना के पीछे की साजिश और कारणों का जल्द खुलासा किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा कैलाश

संतोष

संतोष