यूएई के निवेश से बिहार में खाद्य प्रसंस्करण पार्क विकसित किया जाएगा
यूएई के निवेश से बिहार में खाद्य प्रसंस्करण पार्क विकसित किया जाएगा
पटना, आठ सितंबर (भाषा) बिहार में खाद्य प्रसंस्करण पार्क के विकास के लिए उद्योग विभाग ने मंगलवार को दुबई में आयोजित वार्षिक निवेश सम्मेलन-2026 के दौरान ‘एम ग्लोबल फाउंडेशन’ के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
उद्योग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस समझौते के तहत बिहार में एक एकीकृत कृषि-खाद्य एवं खाद्य प्रसंस्करण क्लस्टर विकसित किया जाएगा, जिसके लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और व्यापक खाड़ी क्षेत्र की कंपनियों, संस्थानों एवं निवेशकों से निवेश आकर्षित किया जाएगा।
विभाग की ओर से जारी बयान के मुताबिक, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि ‘एम ग्लोबल फाउंडेशन’ के साथ यह साझेदारी बिहार को एक पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में अहम कदम है।
उन्होंने कहा, “यूएई के निवेश से विकसित होने वाला समर्पित खाद्य प्रसंस्करण पार्क राज्य के किसानों और उद्योगों को वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं से जुड़ने में मदद करेगा। यह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने के दृष्टिकोण को भी प्रतिबिंबित करता है।”
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि यह समझौता खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में बिहार और यूएई के निवेशकों के बीच सहयोग की मजबूत नींव रखता है।
उन्होंने कहा, “हम ‘एम ग्लोबल फाउंडेशन’ के साथ मिलकर ठोस निवेश अवसरों की पहचान करने और इस साझेदारी को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बिहार की कृषि क्षमता का इस्तेमाल करते हुए राज्य को खाड़ी देशों की खाद्य आपूर्ति शृंखला के लिए एक प्रमुख सोर्सिंग और प्रसंस्करण केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
भाषा
कैलाश पारुल
पारुल

Facebook


