पटना, 11 अक्टूबर (भाषा) बिहार के जहानाबाद के पूर्व सांसद और मगध क्षेत्र के प्रभावशाली नेता डॉ. अरुण कुमार शनिवार को अपने बेटे ऋतुराज के साथ जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल हो गए। जद(यू) में उनकी यह दूसरी पारी है।
पटना स्थित जद(यू) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर बिहार सरकार में मंत्री विजय चौधरी और अशोक चौधरी भी मौजूद थे।
संजय झा ने इस मौके पर कहा, ‘‘अरुण कुमार और ऋतुराज के शामिल होने से जद(यू) को जहानाबाद के साथ-साथ पूरे मगध क्षेत्र में नयी ऊर्जा मिलेगी। जनता अब विकास की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम पर भरोसा जता रही है।’’
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा, ‘‘समता पार्टी के जमाने से ही अरुण बाबू हमारे सहयोगी रहे हैं। बीच में वह अलग हो गए थे, लेकिन अब घर वापसी कर चुके हैं। पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।’’
उल्लेखनीय है कि डॉ. अरुण कुमार भूमिहार समुदाय से आते हैं और लंबे समय से मगध क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। कभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले अरुण कुमार ने 2024 लोकसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर लड़ा था।
उन्होंने अब एक बार फिर जद(यू) में वापसी की है।
भाषा
कैलाश
रवि कांत