बेगूसराय, 24 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बिहार को ‘‘जंगलराज’’ से ‘‘सुशासन’’ की राह पर लाया है और अब समय आ गया है कि बिहार को ‘‘समृद्ध राज्य’’ में बदला जाए।
उन्होंने बेगूसराय में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह दावा भी किया कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजग और ‘लठबंधन’ के बीच मुकाबला है और इसमें राजग ‘‘रिकॉर्ड बहुमत’’ से जीत दर्ज करेगा।
मोदी ने विधानसभा चुनाव में अपने प्रचार अभियान का आगाज शुक्रवार को समस्तीपुर से किया।
प्रधानमंत्री ने छठ पूजा का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘जब हम छठ पूजा की बात करते हैं, तो लोकगायिका स्वर्गीय शारदा सिन्हा जी की याद आती है। उनके छठ गीत हमेशा याद किए जाएंगे। उन्हें पहले पद्म भूषण और हाल ही में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।’’
उनका कहना था, ‘‘हमने जंगलराज को सुशासन में बदला। अब इसे समृद्धि में बदलने का समय है। आने वाली पीढ़ियों के लिए हमें एक समृद्ध बिहार और एक मजबूत भारत बनाना है। इसके लिए आपके वोटों का बहुत महत्व है।’’
मोदी ने विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘यह लड़ाई मजबूत राजग और दूसरी ओर ‘लठबंधन’ के बीच है। महागठबंधन में ‘अटक दल’, ‘भटक दल’ और ‘पटख दल’ हैं। ये लोग पहले टिकट बेचते हैं और फिर भ्रष्टाचार में लिप्त रहते हैं।’’
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी की पुण्यतिथि पर मुख्य विपक्षी दल पर भी तीखा प्रहार किया और कहा, ‘‘कांग्रेस में एक परिवार है जो देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। उन्होंने अपने ही पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी को बाथरूम में बंद कर दिया था और फिर सड़क पर फेंक दिया था। ऐसे लोग लोकतंत्र और सम्मान की बात करते हैं।’’
मोदी ने कहा कि ‘‘ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पिछले 20 वर्षों में एक भी चुनाव नहीं जीता। जंगलराज वालों ने केवल अपने परिवार का जीवन संवारने का काम किया और बिहार के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया। राज्य में पलायन के लिए राजद जिम्मेदार है, जबकि राजग ने विकास को प्राथमिकता दी और बिहार को जंगलराज से मुक्त कराया।’’
बेगूसराय को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘बेगूसराय देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनने जा रहा है। यहां नया पेट्रोकेमिकल संयत्र स्थापित हो रहा है और यह क्षेत्र ‘टेक्सटाइल हब’ के रूप में भी उभर रहा है।’’
उन्होंने कहा कि ‘‘देश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। निवेशक जब राजद और कांग्रेस के नाम सुनते हैं तो डर जाते हैं। जो लोग ‘जमीन के बदले नौकरी’ जैसे घोटाले में शामिल रहे हों, वे युवाओं को रोजगार देने की सोच भी नहीं सकते।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘‘कांग्रेस शासनकाल में देश में केवल दो मोबाइल निर्माण कंपनियां थीं, जबकि आज 200 से अधिक मोबाइल निर्माण इकाइयां काम कर रही हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि ‘‘राजद और कांग्रेस के नेता बाढ़ पीड़ितों का मजाक उड़ाते थे। वे असंवेदनशील हैं और महिलाओं के खिलाफ हैं। संसद में महिलाओं से संबंधित विधेयकों के दस्तावेज उन्होंने फाड़ दिए थे।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं चांदी की चम्मच लेकर पैदा नहीं हुआ था। मैं जनता की सेवा के लिए समर्पित हूं। नरेंद्र और नीतीश , दोनों के लिए बिहार की जनता सर्वोच्च प्राथमिकता है।’’
उन्होंने यह भी कहा कि ‘‘राजग ने बिहार को नक्सलवाद से मुक्त कराया है और अब राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का समय है। राजग इस चुनाव में रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज करेगा।’’
भाषा कैलाश
मनीषा हक
हक