बिहार में ‘अभियान बसेरा-02’ के तहत 30 हजार भूमिहीन परिवारों को वासभूमि के प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे
बिहार में ‘अभियान बसेरा-02’ के तहत 30 हजार भूमिहीन परिवारों को वासभूमि के प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे
पटना, 30 जून (भाषा) बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र भूमिहीन परिवार वासभूमि के अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से ‘अभियान बसेरा-02’ के तहत आगामी 15 अगस्त को राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाकर 30 हजार पात्र भूमिहीन परिवारों को वासभूमि के बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।
विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, डॉ. जायसवाल ने कहा कि सरकार गरीब एवं भूमिहीन परिवारों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि ‘अभियान बसेरा-02’ के तहत अब तक राज्य के 71,569 पात्र परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराने के लिए बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र दिए जा चुके हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष अभियान के माध्यम से हजारों नए लाभार्थियों को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा।
मंत्री ने कहा कि इस संबंध में विभाग के सचिव जय सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। जिलों को लाभार्थियों की सूची का पुनरीक्षण कर उसे अंतिम रूप देने, नए पात्र परिवारों का ‘अभियान बसेरा’ पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा 31 जुलाई तक सभी बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र तैयार कर उन पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रमाण-पत्र वितरण की पूरी प्रक्रिया ‘अभियान बसेरा’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संपन्न होगी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
मंत्री ने बताया कि 15 अगस्त को जिला मुख्यालयों पर आयोजित मुख्य समारोहों अथवा विशेष शिविरों में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि अभियान की प्रगति की समीक्षा मुख्यालय स्तर पर प्रत्येक सप्ताह की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को स्वयं अभियान की नियमित समीक्षा करने, निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने तथा साप्ताहिक प्रगति प्रतिवेदन विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बयान के अनुसार, विभाग ने राज्य के सभी 38 जिलों में कुल 30 हजार बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सर्वाधिक लक्ष्य पटना (1,709), पूर्वी चंपारण (1,493), मुजफ्फरपुर (1,405), मधुबनी (1,314), गया (1,285), समस्तीपुर (1,247), सारण (1,157) और दरभंगा (1,153) सहित अन्य जिलों के लिए तय किया गया है।
भाषा
कैलाश रवि कांत

Facebook


