जम्मू-कश्मीर बस हादसे में लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया शोक

जम्मू-कश्मीर बस हादसे में लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया शोक

जम्मू-कश्मीर बस हादसे में लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया शोक
Modified Date: April 20, 2026 / 07:31 pm IST
Published Date: April 20, 2026 7:31 pm IST

पटना, 20 अप्रैल (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर में बस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो जाने पर गहरा शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को यात्रियों से भरी एक निजी बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 अन्य घायल हो गए। इस बस की चपेट में एक ऑटो-रिक्शा भी आ गया।

यह दुर्घटना रामनगर क्षेत्र के कागोरट गांव के निकट पूर्वाह्न करीब 10 बजे हुई, जब बस चालक पहाड़ी मार्ग पर एक तीखे मोड़ से गुजरते समय वाहन से नियंत्रण खो बैठा।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बस दुर्घटना की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।”

उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा, “मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस गहरे दुख को सहन करने की शक्ति दें।”

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में