पांडव कुमार हत्याकांड के सिलसिले में जन सुराज पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सम्राट चौधरी से मिलेगा
पांडव कुमार हत्याकांड के सिलसिले में जन सुराज पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सम्राट चौधरी से मिलेगा
पटना, 11 मई (भाषा) जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में पांडव कुमार की हत्या सहित पांच अन्य अहम मुद्दों को लेकर पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात करेगा।
भारती ने पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर पांडव कुमार हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय एवं उचित सहायता दिलाने की मांग करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल राज्य से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाएगा।
भारती ने कहा, “हाल में दिल्ली में जिस तरह से पांडव कुमार की हत्या कर दी गई, उससे देश-विदेश में रह रहे बिहार के लोगों के बीच गहरा आक्रोश है। हर कोई यह सवाल पूछ रहा है कि क्या बिहारी होना अपराध है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि इतने संवेदनशील और दुखद मामले के बावजूद बिहार सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को अभी तक किसी भी तरह की सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई है।
भारती ने कहा कि बिहार सरकार को ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं के शिकार प्रवासी नागरिकों और उनके परिवारों की सहायता के लिए एक स्पष्ट एवं प्रभावी नीति बनानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि जन सुराज पार्टी का प्रतिनिधिमंडल इस मामले को लेकर सरकार के समक्ष पांच मांगें रखेगा।
भाषा
कैलाश पारुल
पारुल

Facebook


