मढ़ौरा सीट से लोजपा (रामविलास) की उम्मीदवार सीमा सिंह का नामांकन रद्द

Ads

मढ़ौरा सीट से लोजपा (रामविलास) की उम्मीदवार सीमा सिंह का नामांकन रद्द

  •  
  • Publish Date - October 18, 2025 / 08:46 PM IST,
    Updated On - October 18, 2025 / 08:46 PM IST

पटना, 18 अक्टूबर(भाषा) बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को शनिवार को उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा जब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की उम्मीदवार सीमा सिंह का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया।

भोजपुरी फिल्मों में अभिनय कर चुकीं सीमा सिंह को लोजपा (रामविलास) ने सारण जिले की मढ़ौरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन नामांकन पत्रों की जांच के दौरान ‘‘तकनीकी कारणों’’ से उनका नामांकन रद्द कर दिया गया।

जब इस बारे में केंद्रीय मंत्री और पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान से पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ‘‘हमने निर्वाचन आयोग के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई है। यह स्थिति एक छोटी सी त्रुटि के कारण उत्पन्न हुई है। उम्मीद है कि जल्द ही समाधान हो जाएगा।’’

मढ़ौरा सीट से ही जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व नेता और निर्दलीय उम्मीदवार अल्ताफ आलम राजू का नामांकन भी खारिज कर दिया गया।

अब इस सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री जितेंद्र कुमार राय तथा जन सुराज पार्टी के अभय सिंह के बीच सीधी टक्कर हो सकती है।

इस सीट पर पहले चरण में छह नवंबर को मतदान होगा। नामांकन पत्रों की जांच के बाद चार उम्मीदवारों के नामांकन रद्द होने के बावजूद अब भी नौ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है।

भाषा कैलाश

नोमान

नोमान