एटीएस ने पाकिस्तान के हथियार तस्कर गिरोह से ‘संबंधों’ के आरोप में मुजफ्फरपुर निवासी को गिरफ्तार किया

एटीएस ने पाकिस्तान के हथियार तस्कर गिरोह से ‘संबंधों’ के आरोप में मुजफ्फरपुर निवासी को गिरफ्तार किया

एटीएस ने पाकिस्तान के हथियार तस्कर गिरोह से ‘संबंधों’ के आरोप में मुजफ्फरपुर निवासी को गिरफ्तार किया
Modified Date: May 22, 2026 / 10:47 pm IST
Published Date: May 22, 2026 10:47 pm IST

पटना, 22 मई (भाषा) बिहार पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने पाकिस्तान स्थित कुख्यात हथियार तस्कर शहजाद भट्टी गिरोह और उसके सहयोगियों से संबंध रखने के आरोप में मुजफ्फरपुर के एक निवासी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के रतनपुर गांव निवासी मोहम्मद मुस्तफा के रूप में हुई है। सुरक्षा कर्मियों ने उसके कब्जे से कई डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।

एटीएस की ओर से जारी बयान के अनुसार, ‘‘विशिष्ट सूचना के आधार पर मोहम्मद मुस्तफा को पाकिस्तान स्थित कुख्यात हथियार तस्कर शहजाद भट्टी गिरोह और उसके सहयोगियों से संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी भारत विरोधी ताकतों के लिए काम कर रहा था। वह मुजफ्फरपुर से सोशल मीडिया मंचों और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के माध्यम से उनके लिए काम कर रहा था।’’

बयान में कहा गया है कि आरोपी से बरामद डिजिटल साक्ष्यों से देश की सुरक्षा व्यवस्था को प्रतिकूल रूप से प्रभावित करने की साजिश का खुलासा हुआ है।

एटीएस ने कहा, ‘‘आरोपी के मोबाइल फोन की एटीएस की तकनीकी टीम द्वारा जांच और फॉरेंसिक विश्लेषण के दौरान उसके उपकरण में कई आपत्तिजनक और राष्ट्र विरोधी सामग्री मिली। इसके अलावा डेटा बैकअप और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप्लिकेशन भी बरामद किए गए।’’

बयान के अनुसार जांच में पता चला कि आरोपी पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राना हुनैन के नियमित संपर्क में था।

एटीएस ने कहा कि आरोपी के मोबाइल फोन से भारत के कई संवेदनशील और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों से संबंधित वीडियो, तस्वीरें और अन्य डिजिटल सामग्री बरामद की गई हैं। आरोपी ने प्रतिबंधित और संवेदनशील क्षेत्रों के वीडियो और तस्वीरें तैयार कर उनकी सटीक भौगोलिक स्थिति पाकिस्तानी आकाओं के साथ साझा की थी।

बयान में कहा गया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के तहत आरोपी के यात्रा इतिहास, डिजिटल उपकरणों, सोशल मीडिया गतिविधियों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, धन के स्रोत और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का आधुनिक तकनीकी तरीकों से विश्लेषण किया जा रहा है।

एटीएस के अनुसार, आरोपी के सहयोगियों, नेटवर्क के विस्तार और विदेशी वित्तपोषण का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।

भाषा कैलाश गोला

गोला


लेखक के बारे में