नीतीश कुमार ने सैदपुर व बाकरगंज भूमिगत नाला व सड़क निर्माण का निरीक्षण किया

नीतीश कुमार ने सैदपुर व बाकरगंज भूमिगत नाला व सड़क निर्माण का निरीक्षण किया

नीतीश कुमार ने सैदपुर व बाकरगंज भूमिगत नाला व सड़क निर्माण का निरीक्षण किया
Modified Date: March 2, 2026 / 01:32 pm IST
Published Date: March 2, 2026 1:32 pm IST

पटना, दो मार्च (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को सैदपुर और बाकरगंज भूमिगत नाला सह सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और इसे शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सैदपुर नाले के ऊपर फोर लेन सड़क का निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने को कहा।

उन्होंने कहा कि यह योजना अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके पूर्ण होने से सैदपुर, राजेन्द्र नगर, मुसल्लहपुर हाट, गायघाट और ‘पहाड़ी’ क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी। साथ ही न्यू पटना बाईपास से जुड़ने के लिए लोगों को एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा।

पटना के नौ ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों तथा एक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का पानी सैदपुर नाले के माध्यम से प्रवाहित होता है।

बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड द्वारा 259.81 करोड़ रुपये की लागत से सैदपुर नाला पर ‘पहाड़ी’ क्षेत्र तक भूमिगत नाला और उसके ऊपर सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। इस नाले की कुल लंबाई 5.61 किलोमीटर है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, इसके बाद मुख्यमंत्री ने बाकरगंज भूमिगत नाला और सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि इसके पूर्ण होने से क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी और नाले के ऊपर सड़क निर्माण से आवागमन भी सुगम होगा।

बाकरगंज नाला पटना शहर के भीतरी हिस्से में स्थित एक प्रमुख ड्रेनेज है। उमा सिनेमा हॉल से अंटा घाट के समीप गंगा की ओर प्रवाहित होने वाला यह नाला शहर के कई बाजारों और आवासीय क्षेत्रों से होकर गुजरता है।

इस परियोजना के तहत लगभग 1.4 किलोमीटर लंबी सड़क नाले के ऊपर बनाई जा रही है, जिससे यातायात और जल निकासी व्यवस्था दोनों में सुधार होगा।

भाषा कैलाश

खारी

खारी


लेखक के बारे में