बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव लडेंगे प्रशांत किशोर

Ads

बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव लडेंगे प्रशांत किशोर

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 05:10 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 05:10 PM IST

पटना, पांच जुलाई (भाषा) जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में रविवार को ताल ठोक दी । उन्होंने इस चुनाव को राज्य की भाजपा नीत सरकार की लोकप्रियता पर ‘जनमत संग्रह’ करार दिया।

किशोर ने यहां संवाददाता सम्मेलन में इस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के अपने फैसले की घोषणा की।

यह विधानसभा सीट भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद बिहार विधानसभा से इस्तीफा देने पर खाली हुई थी।

किशोर (48) ने कहा, ‘‘बांकीपुर के लोग बिहार में सबसे अमीर और सबसे पढ़े-लिखे हैं। उन्हें सबसे अच्छे उम्मीदवार को वोट देने दें। अगर उन्हें लगता है कि वे मुझ पर भरोसा कर सकते हैं, तो मैं उनसे मुझे वोट देने की अपील करता हूं…अपनी पार्टी का अकेला विधायक होने के बावजूद, मैं विधानसभा के बाकी 242 विधायकों पर भारी पड़ूंगा।’’

उन्होंने फिर कहा कि भाजपा नेता सम्राट चौधरी ‘जनादेश के बिना’ मुख्यमंत्री बन गये, क्योंकि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार को अपना चेहरा बनाकर जीत हासिल की थी। कुमार ने कुछ महीने पहले ही मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया ।

पूर्व चुनावी रणनीतिकार किशोर ने कहा, ‘‘ आगामी उपचुनाव सम्राट चौधरी की दो महीने पुरानी सरकार के कामकाज पर जनमत संग्रह होगा। अगर भाजपा जीतती है, तो मुझे यह मानने में कोई हिचक नहीं होगी कि उसे जनसमर्थन हासिल है। अगर हम जीतते हैं, तो उन्हें दीवार पर लिखी इबारत पढ़नी होगी।’’

किशोर पिछले कुछ हफ्तों से संकेत दे रहे थे कि वह यह उपचुनाव लड़ने के इच्छुक हैं।

किशोर ने आज कहा कि पिछले सप्ताह इस उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित होने के शीघ्र बाद जन सुराज पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में औपचारिक निर्णय लिया गया।

नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी, जो 13 जुलाई तक चलेगी। मतदान 30 जुलाई को होगा। तीन अगस्त को मतों की गिनती होगी।

वर्ष 1990 के दशक से यह सीट जीतती आ रही भाजपा इसे बनाए रखने को लेकर आश्वस्त दिख रही है। हालांकि, उसने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

वैसे विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वाम दलों के महागठबंधन ने अबतक अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के जनशक्ति जनता दल ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को मैदान में उतारा है।

तेज प्रताप यादव को उनके पिता लालू प्रसाद ने राजद से निष्कासित कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने जनशक्ति जनता दल का गठन किया था।

भाषा

राजकुमार दिलीप

दिलीप