पटना, 12 सितंबर (भाषा) जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जनता दल (यूनाइटेड) का नाम बदलकर ‘जद(यू)-नीतीश’ करने के पार्टी नेताओं के विचार पर तंज कसते हुए कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला, क्योंकि जद(यू) को “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से नियुक्त लोग’ चला रहे हैं, ताकि वह अपने सहयोगी दल भाजपा के हित की पूर्ति कर सके।
बांकीपुर के विधायक और जद(यू) के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किशोर ने यह टिप्पणी शुक्रवार देर रात की, जब पत्रकारों ने उनसे नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी का नाम बदलने के प्रयास पर प्रतिक्रिया मांगी।
उन्होंने कहा, “इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि जद(यू) को नया नाम क्या दिया जाता है। सच्चाई यह है कि आज जद(यू) नीतीश कुमार नहीं चला रहे। पार्टी का नियंत्रण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों में है। उनकी ओर से नियुक्त कुछ लोग हैं, जिनका काम यह सुनिश्चित करना है कि पार्टी भाजपा के हितों की पूर्ति करे।”
किशोर ने इस बात का कोई संकेत नहीं दिया कि वह शाह द्वारा ‘नियुक्त लोग’ किसे कह रहे थे। उनकी यह टिप्पणी जद(यू) के असंतुष्ट नेताओं द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और राजीव रंजन सिंह ‘ललन’ की ओर उंगली उठाए जाने की पृष्ठभूमि में काफी अहमियत रखती है।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप