बिहार के मंत्री के वाहन पर पथराव ; मंत्री सुरक्षित

Ads

बिहार के मंत्री के वाहन पर पथराव ; मंत्री सुरक्षित

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 02:49 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 02:49 PM IST

मधुबनी, आठ जून (भाषा) बिहार के श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के वाहन पर मधुबनी जिले में कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर पथराव किया गया, जिससे उसके सामने का शीशा टूट गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब मंत्री एक सड़क दुर्घटना में मारे गए व्यक्ति के परिजनों से मिलने गए थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में मंत्री को कोई चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।

मधुबनी पुलिस ने एक बयान में बताया कि मंत्री रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे खजौली थाना क्षेत्र के ताहर गांव पहुंचे थे। वह शुक्रवार रात सड़क दुर्घटना में मारे गए व्यक्ति के परिजनों को सांत्वना देने गए थे।

पुलिस के मुताबिक मंत्री के दौरे के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने मौके पर मौजूद महिलाओं के एक समूह को उकसाया और उन्हें वाहन के सामने खड़ा कर दिया। इसके बाद समूह ने विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी तथा कथित तौर पर पथराव किया जिससे वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।

बयान में कहा गया है कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने मंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित की और उनके वाहन को सुरक्षित वहां से निकाला।

घटना की सूचना मिलने के बाद मिथिला प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) और मधुबनी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और मंत्री से भी मुलाकात की।

पुलिस के मुताबिक घटना में कथित रूप से शामिल सभी लोगों की पहचान कर ली गई है तथा संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मधुबनी के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुख्यालय-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

भाषा कैलाश

मनीषा धीरज

धीरज