बिहार के मधुबनी में एसयूवी ने तीन महिलाओं को कुचला, मौत
बिहार के मधुबनी में एसयूवी ने तीन महिलाओं को कुचला, मौत
मधुबनी, नौ अगस्त (भाषा) बिहार के मधुबनी जिले में रविवार को एक तेज रफ्तार एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) ने तीन महिलाओं को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के सरिसब गांव में जगदम्बा पेट्रोल पंप के पास राज्य राजमार्ग पर हुई।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रीता देवी, किरण देवी और फूलदई देवी के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं मधुबनी के अरेर थाना क्षेत्र के नौटोली गांव की रहने वाली थीं।
घटना की पुष्टि करते हुए बेनीपट्टी के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अंकुर कुमार ने बताया कि तीनों महिलाएं सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान करीब सुबह 5:40 बजे एक तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें कुचल दिया।
बेनीपट्टी के थाना प्रभारी (एसएचओ) अनूप कुमार ने बताया कि एसयूवी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वाहन में कितने लोग सवार थे।
उन्होंने कहा, “हम आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं। मामले की जांच जारी है।”
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टहलने के बाद थकान महसूस होने पर तीनों महिलाएं कुछ देर आराम करने के लिए सड़क किनारे बैठ गई थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें कुचल दिया।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


