बिहार में ‘टोल टैक्स’ से सड़क रखरखाव के लिए राजस्व जुटेगा : मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव

बिहार में ‘टोल टैक्स’ से सड़क रखरखाव के लिए राजस्व जुटेगा : मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव

बिहार में ‘टोल टैक्स’ से सड़क रखरखाव के लिए राजस्व जुटेगा : मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव
Modified Date: July 3, 2026 / 04:38 pm IST
Published Date: July 3, 2026 4:38 pm IST

पटना, तीन जुलाई (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सरकार द्वारा राज्य राजमार्गों (स्टेट हाईवे) पर ‘टोल टैक्स’ वसूलने के निर्णय का शुक्रवार को बचाव करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य सड़कों के बेहतर रखरखाव के लिए आवश्यक राजस्व जुटाना है।

यादव ने यहां अपनी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) के प्रदेश कार्यालय में जनता दरबार कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से कहा कि जिस प्रकार राष्ट्रीय राजमार्गों पर ‘टोल टैक्स’ वसूला जाता है, उसी प्रकार राज्य सरकार ने भी राज्य राजमार्गों पर टोल वसूली का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि इससे प्राप्त राजस्व का उपयोग सड़कों के बेहतर रखरखाव के लिए किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कहा कि कानून सबके लिए समान है और राज्य सरकार कानून के शासन के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति, चाहे वह किसी भी पद पर हो, यदि कानून का उल्लंघन करेगा तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ‘न्याय के साथ विकास’ तथा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर कार्य करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकासोन्मुखी नीतियों को आगे बढ़ा रही है।

इसी अवसर पर योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत ‘शत-प्रतिशत सुनिश्चित’ है।

उन्होंने कहा कि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर केवल सोशल मीडिया के नेता हैं और जमीनी स्तर पर उनका कोई जनाधार नहीं है।

कुशवाहा ने भोजपुर के भरत तिवारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच आयोग अपना कार्य कर रहा है और जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्य स्वतः सामने आ जाएंगे।

मंत्री ने इस मामले में अनावश्यक बयानबाजी से बचने की भी सलाह दी।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में