नीलामी शुरू होने के बाद से 101 खनिज ब्लॉकों का परिचालन शुरू

नीलामी शुरू होने के बाद से 101 खनिज ब्लॉकों का परिचालन शुरू

नीलामी शुरू होने के बाद से 101 खनिज ब्लॉकों का परिचालन शुरू
Modified Date: May 7, 2026 / 09:21 pm IST
Published Date: May 7, 2026 9:21 pm IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2015 में नीलामी व्यवस्था शुरू होने के बाद से अब तक 101 खनिज ब्लॉक में परिचालन शुरू हो चुका है।

खान मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह उपलब्धि केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों तथा खनन क्षेत्र में किए गए सुधारों के प्रभाव को दर्शाती है, जो ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में मदद कर रहे हैं।

मंत्रालय ने कहा कि नीलामी में आवंटित 101 खनिज ब्लॉक का संचालन शुरू होना इस बात का संकेत है कि ध्यान केवल संसाधनों की नीलामी तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समय पर उत्पादन में लाने पर भी है।

बयान के मुताबिक, नीतिगत समर्थन, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और सक्रिय निगरानी के जरिए मंत्रालय ने राज्यों के साथ मिलकर वैधानिक मंजूरियों में तेजी लाई है और कार्यान्वयन से जुड़ी चुनौतियों का समाधान किया है।

मंत्रालय ने कहा कि केंद्र-राज्य के इस समन्वित दृष्टिकोण से नीलाम किए गए खनिज ब्लॉकों को आवंटन से उत्पादन में लाने की प्रक्रिया में तेजी आई है।

राज्यों में ओडिशा 34 ब्लॉकों के साथ सबसे आगे है जिसके बाद कर्नाटक (18) और गुजरात (11) का स्थान है।

खनिज ब्लॉकों के परिचालन वाले अन्य राज्यों में मध्य प्रदेश, राजस्थान, गोवा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और असम शामिल हैं।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण


लेखक के बारे में