यूपीआई के जरिए अप्रैल में हुए 22.35 अरब लेनदेन: डीएफएस
यूपीआई के जरिए अप्रैल में हुए 22.35 अरब लेनदेन: डीएफएस
नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) यूपीआई (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) के जरिये लेनदेन इस साल अप्रैल सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 22.35 अरब रहा। वित्तीय सेवा विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पिछले वर्ष अप्रैल में यूपीआई के जरिये 17.89 अरब लेनदेन हुए थे।
मार्च 2026 में यूपीआई लेनदेन की संख्या 22.64 अरब के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी, वहीं फरवरी में यह 20.39 अरब रहा थी।
वित्तीय सेवा विभाग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “अप्रैल 2026 में यूपीआई के जरिये 22.35 अरब लेनदेन हुए।”
यूपीआई के उपयोग में आसानी के साथ मजबूत सुरक्षा व्यवस्था भी है। इसके तहत भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दो-स्तरीय प्रमाणीकरण नियम है। इसमें पहला स्तर उपयोगकर्ता के बैंक खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर और दूसरा यूपीआई पिन होता है, जिससे लेनदेन तेज और सुरक्षित बनते हैं।
वर्तमान में भारत में कुल डिजिटल लेनदेन में यूपीआई की हिस्सेदारी लगभग 85 प्रतिशत है। इसका प्रभाव देश की सीमाओं से आगे बढ़कर वैश्विक स्तर पर वास्तविक समय पर डिजिटल भुगतान में करीब 50 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
यूपीआई संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, फ्रांस, मॉरीशस और कतर सहित आठ देशों में सक्रिय है, जिससे वहां रहने या यात्रा करने वाले भारतीयों को बिना किसी अतिरिक्त जटिलता के भुगतान करने में सुविधा मिलती है।
भाषा योगेश रमण
रमण
रमण

Facebook


