सेबी ने 2025-26 में 402 मामलों की जांच की, 338 का निपटारा किया

सेबी ने 2025-26 में 402 मामलों की जांच की, 338 का निपटारा किया

सेबी ने 2025-26 में 402 मामलों की जांच की, 338 का निपटारा किया
Modified Date: August 6, 2026 / 10:02 pm IST
Published Date: August 6, 2026 10:02 pm IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) शेयर बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने वित्त वर्ष 2025-26 में भेदिया कारोबार, बाजार में गड़बड़ी और वित्तीय विवरणों में धोखाधड़ी जैसे सुरक्षा कानूनों के उल्लंघन से जुड़े 402 मामलों की जांच शुरू की।

सेबी की ताजा वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, नियामक ने कुल मामलों में से 338 की जांच वित्त वर्ष के दौरान पूरी कर ली।

रिपोर्ट में कहा गया कि धोखाधड़ी और अनुचित व्यापार गतिविधियां नियामक की निगरानी का प्रमुख क्षेत्र बनी रहीं। सेबी ने इस श्रेणी में 2025-26 के दौरान 121 मामले जांच के लिए उठाए और इनमें से 94 मामलों की जांच पूरी की।

इस श्रेणी के तहत कीमत और कारोबार मात्रा में हेरफेर से जुड़े 72 मामलों की जांच शुरू की गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष में ऐसे 61 मामले थे। सेबी ने वर्ष के दौरान इनमें से 43 मामलों की जांच पूरी की।

इसके अलावा, वित्त वर्ष 2025-26 में अनुचित लाभ के लिए पहले से जानकारी के आधार पर कारोबार करने के 49 मामले जांच के लिए लिए गए, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 44 थी। सेबी ने इस दौरान ‘फ्रंट रनिंग’ यानी अंदर के लोगों से प्राप्त जानकारी से जुड़े 51 मामलों की जांच पूरी की।

सेबी ने भेदिया कारोबार, अधिग्रहण और अन्य अवैध कारोबारी गतिविधियों से जुड़े 224 मामलों में जांच शुरू की और 204 मामलों को पूरा किया।

सेबी विभिन्न स्रोतों से मिली सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू करता है। इनमें बाजार निगरानी व्यवस्था, शेयर बाजारों की रिपोर्ट, शिकायतें और मीडिया में प्रकाशित खबरें शामिल हैं।

भाषा

यासिर अजय

अजय


लेखक के बारे में