‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस’ कार्यक्रम में 30 छात्रों को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार
‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस’ कार्यक्रम में 30 छात्रों को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार
नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के ‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस’ कार्यक्रम के तहत 10 राज्यों के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले 30 छात्रों को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।
इस कार्यक्रम में करीब 20,000 युवाओं को कृत्रिम मेधा (एआई), कोडिंग और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों का प्रशिक्षण दिया गया।
कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि इन पुरस्कार विजेताओं में चार राष्ट्रीय टॉपर, 26 राज्य स्तरीय टॉपर और एक सोशल मीडिया चैंपियन शामिल हैं। इन्हें गुरुग्राम स्थित सैमसंग इंडिया मुख्यालय में सम्मानित किया गया।
सैमसंग साउथवेस्ट एशिया के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जे. बी. पार्क ने कहा कि एआई तथा डिजिटल प्रौद्योगिकियों को तेजी से अपनाने के कारण कोडिंग, डेटा और उभरती प्रौद्योगिकियों में कौशल युवा पेशेवरों के लिए लगातार अधिक महत्वपूर्ण होता जा रहा है।
पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं में कर्नाटक की ऐश्वर्या संजय ने एआई आधारित मॉडल विकसित किया, जिसका उद्देश्य सामुदायिक-सहायता प्राप्त कृषि के माध्यम से किसानों की बाजार तक पहुंच को बेहतर बनाना है।
उत्तर प्रदेश के शिवम सिंह ने आईओटी, ऑटोमेशन और साइबर सुरक्षा से जुड़ी परियोजना पर काम किया। इस काम के दम पर उन्हें इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईईएलआईटी) में ‘इंटर्नशिप’ मिली है।
दिल्ली के देव उप्पल और हरियाणा की वांशिका राघव ने कहा कि इस कार्यक्रम ने उन्हें कक्षा में सीखी गई बातों को वास्तविक दुनिया की समस्याओं पर लागू करने में मदद की।
सैमसंग के अनुसार, यह ‘इनोवेशन कैंपस’ कार्यक्रम भविष्य की प्रौद्योगिकियों में उद्योग-आधारित प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए बनाया गया है और यह सरकार की कौशल भारत और डिजिटल इंडिया पहल के अनुरूप है।
भाषा निहारिका रमण
रमण

Facebook


