साइबर सुरक्षा क्षेत्र में कुशल पेशेवरों की भारी कमी: रिपोर्ट
साइबर सुरक्षा क्षेत्र में कुशल पेशेवरों की भारी कमी: रिपोर्ट
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) तकनीकी विशेषज्ञता के साथ कारोबारी समझ रखने वाले साइबर सुरक्षा पेशेवरों की वैश्विक स्तर पर भारी कमी है, जिसके कारण इस क्षेत्र के 46 प्रतिशत पद अब भी रिक्त हैं। सूचना प्रौद्योगिकी परामर्श कंपनी एक्सेंचर की रिपोर्ट में यह बात सामने आई।
‘रीइन्वेंटिंग द साइबर वर्कफोर्स’ नाम की रिपोर्ट के अनुसार, साइबर सुरक्षा से जुड़े 46 प्रतिशत पद अब भी रिक्त हैं। इस क्षेत्र में 59 प्रतिशत पदों के लिए तकनीकी दक्षता, कारोबार की समझ और नेतृत्व संबंधी कौशल की जरूरत होती है। वहीं मौजूदा कार्यबल में केवल 40 प्रतिशत लोग ही ऐसे पदों पर काम कर रहे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘आधुनिक साइबर सुरक्षा अब डिजिटल मंचों, एआई (कृत्रिम मेधा) के इस्तेमाल, नियामकीय जवाबदेही, परिचालन की मजबूती और ग्राहकों के भरोसे पर आधारित है।’’
इसमें कहा गया, ‘‘एक्सेंचर के 5,50,000 से अधिक साइबर सुरक्षा संबंधित रोजगार और पेशेवर पदों के विश्लेषण से पता चला कि असली चुनौती केवल साइबर सुरक्षा पेशेवरों की संख्या की नहीं है, बल्कि यह भी है कि क्या उनमें व्यवहारिक कौशल का संतुलन है।’’
रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारियों की औसत सेवा अवधि में भी उल्लेखनीय गिरावट आई है। वर्ष 2015 से 2025 के दौरान साइबर सुरक्षा पेशेवरों की औसत सेवा अवधि घटकर 1.8 वर्ष रह गई है, जबकि 2005 से 2015 के बीच यह 3.3 वर्ष थी। इसका प्रमुख कारण लगातार कार्य दबाव और मानसिक तनाव बताया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया कि एआई के तेजी से बढ़ते उपयोग ने स्थिति को और जटिल बना दिया है तथा वर्ष 2020 के बाद से एआई आधारित साइबर सुरक्षा कौशल की मांग दोगुने से अधिक बढ़ गई है।
भाषा यासिर निहारिका
निहारिका

Facebook


