अडाणी समूह की कंपनी ने निवेशकों का भरोसा बहाल करने के लिए 1,500 करोड़ का कर्ज चुकाया
अडाणी समूह की कंपनी ने निवेशकों का भरोसा बहाल करने के लिए 1,500 करोड़ का कर्ज चुकाया
नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) अडाणी समूह की कंपनी अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनमिक जोन (एपीएसईजेड) ने 1,500 करोड़ रुपये का कर्ज चुका दिया है। साथ ही कंपनी ने और कर्ज चुकाने का वादा किया है। अमेरिकी शॉर्ट सेलर कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की पिछले महीने आई एक रिपोर्ट में धोखाधड़ी का आरोप लगाए जाने के बाद समूह के शेयरों में भारी गिरावट आ गई है। इस कदम को समूह की ओर से निवेशकों का भरोसा कायम करने की नजर से देखा जा रहा है।
कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि एपीएसईजेड ने एसबीआई म्यूचुअल फंड के बकाया 1,500 रुपये सोमवार को चुका दिए और मार्च में भी कंपनी भुगतान योजना के मुताबिक 1,000 करोड़ रुपये चुकाएगी।
प्रवक्ता ने बताया, “यह भुगतान मौजूदा नकदी और कारोबारी परिचालन से मिली राशि से किया गया है।’’
अडाणी समूह कर्ज चुकाकर निवेशकों और कर्जदाताओं का विश्वास बहाल करने की उम्मीद कर रहा है।
अडाणी समूह का कुल कर्ज सितंबर, 2022 में 2.26 लाख करोड़ रुपये था और उसके पास नकदी 31,646 करोड़ रुपये थी।
भाषा अनुराग अजय
अजय

Facebook


