शीर्ष आठ शहरों में किफायती घरों की बिक्री में 23 प्रतिशत की गिरावट : नाइट फ्रैंक
शीर्ष आठ शहरों में किफायती घरों की बिक्री में 23 प्रतिशत की गिरावट : नाइट फ्रैंक
नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) देश के शीर्ष आठ शहरों में जनवरी-मार्च-2026 के दौरान 50 लाख रुपये से कम कीमत वाले किफायती घरों की बिक्री में पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 23 प्रतिशत की गिरावट आई है और यह घटकर 16,273 इकाई रह गई। रियल एस्टेट परामर्शदाता नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट में यह बात कही गई।
रिपोर्ट के अनुसार, इस गिरावट का मुख्य कारण इस मूल्य वर्ग में नई आपूर्ति की कमी बताया गया है।
कोविड महामारी के बाद से महंगे और आलीशान घरों की मांग में तेजी देखी गई है। बिल्डर की ओर से किफायती आवास क्षेत्र में कम परियोजनाएं लाई जा रही हैं और इसकी वजह निर्माण लागत में बढ़ोतरी, विशेष रूप से भूमि की ऊंची कीमतों को बताया जा रहा है।
नाइट फ्रैंक इंडिया की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष जनवरी-मार्च तिमाही में किफायती आवास खंड में सबसे तेज 23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और सभी आठ प्रमुख शहरों में बिक्री में कमी आई।
आंकड़ों के अनुसार, 50 लाख से एक करोड़ रुपये की श्रेणी में भी 2025 की शुरुआती तिमाही के मुकाबले इस साल 12 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह घटकर 23,567 इकाई रह गई।
नाइट फ्रैंक इंडिया की रिपोर्ट मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, अहमदाबाद और कोलकाता की मांग पर आधारित है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इसके विपरीत, एक से दो करोड़ रुपये की श्रेणी में बिक्री 10 प्रतिशत बढ़कर 24,657 इकाई हो गई। दो से पांच करोड़ रुपये की श्रेणी में 17 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 16,075 इकाई की बिक्री हुई।
वहीं पांच से 10 करोड़ रुपये की श्रेणी में बिक्री तीन प्रतिशत घटकर 3,338 इकाई रह गई, जबकि 10-20 करोड़ रुपये की श्रेणी में 12 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 738 इकाई की बिक्री हुई। 20-50 करोड़ रुपये की श्रेणी में बिक्री 80 प्रतिशत बढ़कर 165 इकाई हो गई।
भाषा योगेश धीरज
धीरज

Facebook


