एआईएफ को डिपॉजिटरी मंच पर अपलोड करना होगा एनएवी डेटाः सेबी
एआईएफ को डिपॉजिटरी मंच पर अपलोड करना होगा एनएवी डेटाः सेबी
नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) सेबी ने शुक्रवार को वैकल्पिक निवेश कोष (एआईएफ) को डिपॉजिटरी प्रणाली में एआईएफ इकाइयों की प्रत्येक अंतरराष्ट्रीय प्रतिभूति पहचान संख्या (आईएसआईएन) के लिए नवीनतम ‘शुद्ध संपत्ति मूल्य’ (एनएवी) अपलोड करने का निर्देश दिया।
बाजार नियामक ने कहा कि पारदर्शिता और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए पंजीयक और हस्तांतरण एजेंटों (आरटीए) के जरिये ऐसा किया जाना चाहिए।
सेबी ने अपने परिपत्र में कहा कि एनएवी को एक मई, 2026 से पहले, या निवेश पोर्टफोलियो की मूल्यांकन तिथि से 30 दिनों के भीतर (जो भी बाद में हो) अपलोड करना होगा।
जिन मामलों में एक स्वतंत्र मूल्यांकनकर्ता नियुक्त किया गया है, उनमें मूल्यांकन रिपोर्ट की तारीख को मूल्यांकन तिथि माना जाएगा।
एनएवी डेटा को समय पर और सटीक रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करने के लिए एआईएफ प्रबंधक जिम्मेदार होगा।
सेबी ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य पारदर्शिता और परिचालन दक्षता बढ़ाने और एआईएफ की प्रणालीगत तैयारी की सुविधा के लिए डिपॉजिटरी बुनियादी ढांचे का लाभ उठाना है।
भाषा पाण्डेय प्रेम
प्रेम

Facebook


