पश्चिम एशिया संघर्ष की चुनौतियों के बीच एयर इंडिया के निदेशक मंडल की बैठक
पश्चिम एशिया संघर्ष की चुनौतियों के बीच एयर इंडिया के निदेशक मंडल की बैठक
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण विमान ईंधन की ऊंची कीमतों सहित कई चुनौतियों का सामना कर रही एयर इंडिया के निदेशक मंडल की बृहस्पतिवार को यहां बैठक हुई।
घाटे में चल रही एयरलाइन कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एयरलाइन के मुख्यालय में हुई।
सूत्रों के अनुसार, बैठक सुबह लगभग 11:30 बजे शुरू हुई और तीन घंटे से अधिक समय तक चली।
बैठक में हुई बातचीत के बारे में विशेष जानकारी नहीं मिली है।
इससे पहले, सूत्रों ने बताया था कि बैठक में एयरलाइन के 2025-26 के वित्तीय नतीजों, लागत-बचत उपायों और नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के चयन पर चर्चा होने की उम्मीद है।
मौजूदा सीईओ और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन इस साल के अंत में पद छोड़ देंगे।
पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध और जेट ईंधन की ऊंची कीमतें एयरलाइन को बुरी तरह प्रभावित कर रही हैं। इस समय एयर इंडिया एक महत्वाकांक्षी बदलाव योजना पर काम कर रही है।
हाल के महीनों में एयरलाइन की परिचालन लागत में काफी वृद्धि हुई है। इस संदर्भ में, एयरलाइन विभिन्न लागत-बचत उपायों पर विचार कर रही है।
एयर इंडिया के निदेशक मंडल की अध्यक्षता टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने की।
विल्सन, सिंगापुर एयरलाइंस के सीईओ गो चून फोंग, संजीव मेहता, एलिस वैद्यन, पीआर रमेश और पीबी बालाजी बोर्ड के सदस्य हैं।
भाषा अजय अजय रमण
रमण

Facebook


