एयर इंडिया ने निःशुल्क भोजन के बगैर ‘मूल किराया’ विकल्प पेश किया

एयर इंडिया ने निःशुल्क भोजन के बगैर 'मूल किराया' विकल्प पेश किया

एयर इंडिया ने निःशुल्क भोजन के बगैर ‘मूल किराया’ विकल्प पेश किया
Modified Date: June 16, 2026 / 08:31 pm IST
Published Date: June 16, 2026 8:31 pm IST

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया ने बढ़ती परिचालन लागत के बीच घरेलू उड़ानों में बिना निःशुल्क भोजन के ‘मूल किराया’ विकल्प देना शुरू किया है।

एयरलाइन ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि यह ‘मूल किराया’ पूरी तरह वैकल्पिक है और यात्रियों के लिए वैल्यू, क्लासिक और फ्लेक्स की अन्य किराया श्रेणियां पहले की तरह उपलब्ध रहेंगी।

इन तीनों श्रेणियों में निःशुल्क भोजन और विभिन्न अतिरिक्त सुविधाएं शामिल हैं, जिनकी कीमत क्रमिक रूप से बढ़ती जाती हैं।

एयरलाइन ने कहा कि ‘मूल किराया’ विकल्प मुख्य रूप से उन यात्रियों को ध्यान में रखकर लाया गया है जो टिकट की कम कीमत को प्राथमिकता देते हैं और सीमित सेवाओं के साथ यात्रा करने को तैयार हैं।

फिलहाल इस व्यवस्था को कुछ चुनिंदा घरेलू मार्गों पर परीक्षण के तौर पर लागू किया गया है।

यह विकल्प इकॉनमी श्रेणी में उपलब्ध है और इसमें 15 किलोग्राम चेक-इन सामान एवं सात किलोग्राम केबिन सामान की अनुमति दी गई है। हालांकि, इसमें निःशुल्क भोजन शामिल नहीं किया गया है लेकिन चाय या कॉफी जैसे पेय दिए जाएंगे।

एयरलाइन ने कहा कि परीक्षण के दौरान यात्रियों से मिलने वाली प्रतिक्रिया और उनके सुझावों के आधार पर इस विकल्प को जारी रखने पर निर्णय लिया जाएगा।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में