नेटवर्क विस्तार पर 27,000-28,000 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय करेगी एयरटेल

Ads

नेटवर्क विस्तार पर 27,000-28,000 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय करेगी एयरटेल

  •  
  • Publish Date - December 28, 2022 / 07:31 PM IST,
    Updated On - December 28, 2022 / 07:31 PM IST

नयी दिल्ली, 28 दिसंबर (भाषा) देश की प्रमुख दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने नेटवर्क विस्तार के लिए 27,000-28,000 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय करने की योजना बनाई है। कंपनी के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि इस दौरान 5जी सेवाओं की शुरुआत पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कंपनी पूंजीगत व्यय को 10-15 प्रतिशत तक बढ़ाने की योजना बना रही है। हालांकि इसके बावजूद उसकी 5जी सेवाओं के लिए प्रीमियम दर से शुल्क लेने की कोई योजना नहीं है।

कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘एयरटेल द्वारा पूंजीगत व्यय पिछले तीन साल के खर्च के अनुरूप होगा। यह 5जी को तेजी से लागू किए जाने के कारण थोड़ा बढ़ सकता है… लगभग 27,000-28,000 करोड़ रुपये। हम एक साल में तेजी देख सकते हैं और फिर यह धीरे-धीरे उसी स्तर पर आ सकता है।’’

कंपनी का औसत पूंजीगत व्यय इससे पहले सालाना 24,000-25,000 करोड़ रुपये के दायरे में था। अधिकारी ने कहा कि पूंजीगत व्यय मुख्य रूप से रेडियो (मोबाइल एंटेना), फाइबर, ब्रॉडबैंड, उद्यम प्रौद्योगिकी डाटा केंद्रों पर किया जा रहा है।

दूरसंचार मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक भारती एयरटेल ने 26 नवंबर तक 5जी के लिए 3,293 बेस स्टेशन शुरू किए हैं।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय