अमेजन ने मियामी हादसे के बाद ’21 एयर’ के साथ साझेदारी पर रोक लगाई
अमेजन ने मियामी हादसे के बाद '21 एयर' के साथ साझेदारी पर रोक लगाई
मियामी, 14 सितंबर (एपी) ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने विमानन कंपनी 21 एयर के साथ अपनी साझेदारी निलंबित कर दी है। पिछले सप्ताह मियामी में अमेजन के पैकेज लेकर जा रहे एक मालवाहक विमान के रनवे से बाहर निकल जाने से हुए हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी।
बोइंग 767 विमान छह सितंबर को उतरते समय रनवे के अंत से करीब 1,300 फुट आगे निकल गया और सफाई कर्मचारियों को ले जा रही एक वैन से टकरा गया था। इस हादसे में वैन में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
अमेजन की प्रवक्ता केली नैंटल ने कहा, “इस दुखद घटना के बाद हमने जांच में सहयोग करने और उससे जुड़े हालात की समीक्षा करने में समय बिताया। इसके बाद हमने 21 एयर के साथ अपना परिचालन रोकने का फैसला किया है।”
नॉर्थ कैरोलाइना स्थित 21 एयर वर्ष 2024 से अमेजन के लिए पैकेज का परिवहन कर रही थी। कंपनी ने अमेजन के इस फैसले पर टिप्पणी के अनुरोध का तत्काल जवाब नहीं दिया।
राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) के जांचकर्ताओं द्वारा विमान के स्वामित्व के इतिहास, हवाईअड्डे की मौसम स्थितियों, रखरखाव रिकॉर्ड और 21 एयर के परिचालन की समीक्षा किए जाने की उम्मीद है।
उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, 32 साल पुराने बोइंग 767 विमान को मूल रूप से यात्रियों को ले जाने के लिए बनाया गया था। वर्ष 2015 में मालवाहक विमान में बदले जाने से पहले यह विदेशों की कई एयरलाइनों के लिए उड़ान भर चुका था।
एपी
योगेश प्रेम
प्रेम

Facebook


