आंध्र प्रदेश सरकार ने दो लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी
आंध्र प्रदेश सरकार ने दो लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी
अमरावती, छह मई (भाषा) मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता में आंध्र प्रदेश के राज्य निवेश संवर्द्धन बोर्ड (एसआईपीबी) ने बुधवार को दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी। इनमें विशाखापत्तनम में रिलायंस इंडस्ट्रीज की एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की निवेश वाली डेटा सेंटर परियोजना शामिल है।
बोर्ड ने श्री सत्यसाई जिले में बैटरी ऊर्जा भंडारण के साथ रिलायंस की 51,300 करोड़ रुपये की सौर ऊर्जा परियोजना और अदाणी समूह की कडप्पा में 12,297 करोड़ रुपये की पंप स्टोरेज जलविद्युत परियोजना को भी मंजूरी दी।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘राज्य निवेश संवर्द्धन बोर्ड ने आज 2.01 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी। इन परियोजनाओं से राज्य भर में 39,067 रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।’’
तिरुपति में 2,508 करोड़ रुपये की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल विनिर्माण इकाई, अमरावती में डीआरडीओ से जुड़ी क्वांटम वैली परियोजना और खाद्य प्रसंस्करण तथा अन्य क्षेत्रों में निवेश को भी मंजूरी दी गई।
मुख्यमंत्री ने सभी निवेश प्रस्तावों को निर्धारित समय पर लागू करने का आह्वान किया और कहा कि परियोजनाओं को मंजूरी से लेकर उत्पादन तक, निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंजूरी में बिल्कुल भी देरी नहीं होनी चाहिए और आंध्र प्रदेश को त्वरित और पारदर्शी मंजूरी प्रक्रिया अपनानी चाहिए।
उन्होंने बड़े उद्योगों के साथ-साथ लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) को समान महत्व देने पर जोर देते हुए कहा कि ‘एक परिवार-एक उद्यमी’ लक्ष्य को प्राप्त करने में ये उद्यम महत्वपूर्ण हैं।
बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने औद्योगिक क्षेत्रों में गैस पाइपलाइन के बुनियादी ढांचे के विस्तार और किसानों के लाभ के लिए ताड़ के तेल, आम, नारियल और कोको जैसी फसलों में मूल्यवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया।
भाषा अजय अजय रमण
रमण

Facebook


