नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) वाहन विनिर्माता कंपनी बजाज ऑटो लिमिटेड की कुल वाहन बिक्री फरवरी में 27 प्रतिशत बढ़कर 4,48,259 इकाई हो गई।
पिछले साल इस महीने में यह आंकड़ा 3,52,071 इकाई रहा था।
बजाज ऑटो लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि पिछले महीने उसकी कुल घरेलू बिक्री 2,32,581 इकाई रही, जो एक साल पहले की समान अवधि के 1,83,415 इकाई के आंकड़े की तुलना में 27 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने बताया कि घरेलू बाजार में दोपहिया वाहनों की बिक्री 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,86,164 इकाई रही, जो फरवरी, 2025 में 1,46,138 इकाई थी।
कंपनी के अनुसार, फरवरी में दोपहिया वाहनों का निर्यात भी 26 प्रतिशत बढ़कर 1,93,757 इकाई तक पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 1,53,280 इकाई था।
कंपनी ने कहा कि फरवरी, 2026 में कुल वाणिज्यिक वाहन बिक्री 68,338 इकाई रही, जो एक साल पहले इसी महीने में 52,653 इकाई थी, जो 30 प्रतिशत की वृद्धि है।
कंपनी ने कहा कि घरेलू बाजार में वाणिज्यिक वाहन की बिक्री फरवरी में 46,417 इकाई रही, जो फरवरी, 2025 में 37,277 इकाई थी। जबकि निर्यात 43 प्रतिशत बढ़कर 21,921 इकाई रहा, जो फरवरी, 2025 में 15,376 इकाई था।
भाषा योगेश अजय
अजय