उद्योग क्षेत्र को बैंक ऋण जुलाई में 20 प्रतिशत बढ़ा: आरबीआई

उद्योग क्षेत्र को बैंक ऋण जुलाई में 20 प्रतिशत बढ़ा: आरबीआई

उद्योग क्षेत्र को बैंक ऋण जुलाई में 20 प्रतिशत बढ़ा: आरबीआई
Modified Date: August 31, 2026 / 09:48 pm IST
Published Date: August 31, 2026 9:48 pm IST

मुंबई, 31 अगस्त (भाषा) उद्योग क्षेत्र को बैंक कर्ज जुलाई में सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़ा, जबकि कृषि क्षेत्र में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। भारतीय रिजर्व बैंक ने सोमवार को यह जानकारी दी।

आरबीआई ने जुलाई के लिए बैंक ऋण के क्षेत्रवार वितरण के आंकड़े जारी किए। ये आंकड़े 41 चुनिंदा अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों से जुटाए गए हैं, जिनकी कुल गैर-खाद्य ऋण में करीब 95 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

केंद्रीय बैंक के अनुसार, 31 जुलाई, 2026 को समाप्त पखवाड़े में गैर-खाद्य बैंक ऋण सालाना आधार पर 19.1 प्रतिशत बढ़ा, जबकि एक साल पहले इसी पखवाड़े में यह वृद्धि 9.9 प्रतिशत रही थी।

उद्योग क्षेत्र को ऋण में सालाना आधार पर 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 6.5 प्रतिशत थी।

केंद्रीय बैंक के अनुसार, ‘‘बड़े और मध्यम उद्योगों को दिए गए ऋण में तेजी आई, जबकि सूक्ष्म और छोटे उद्योगों को कर्ज की वृद्धि स्थिर रही।’’

प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी ढांचा, मूल धातु एवं धातु उत्पाद, इंजीनियरिंग, रसायन एवं रासायनिक उत्पाद, पेट्रोलियम एवं कोयला उत्पाद तथा परमाणु ईंधन और कपड़ा क्षेत्रों को दिए गए कर्ज में सालाना आधार पर मजबूत वृद्धि दर्ज की गई।

कृषि और संबद्ध गतिविधियों को बैंक कर्ज में सालाना आधार पर 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि एक साल पहले इसी पखवाड़े में यह 7.3 प्रतिशत थी।

सेवा क्षेत्र को बैंक ऋण में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। जुलाई में इसमें सालाना आधार पर 22.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि एक साल पहले यह 10.2 प्रतिशत थी। गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी), व्यापार और वाणिज्यिक रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में तेज विस्तार से सेवा क्षेत्र के ऋण को समर्थन मिला।

आंकड़ों के अनुसार, व्यक्तिगत कर्ज मामले में 16.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि एक साल पहले यह 11.9 प्रतिशत थी।

आवास और वाहन जैसे क्षेत्रों में कर्ज में दहाई अंक की वृद्धि बनी रही। हालांकि, क्रेडिट कार्ड बकाया और सोने के आभूषणों के बदले दिए गए कर्ज की वृद्धि दर में कमी आई।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में