बैंक ऑफ महाराष्ट्र का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ 47 प्रतिशत बढ़कर 1,293 करोड़ रुपये पर
बैंक ऑफ महाराष्ट्र का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ 47 प्रतिशत बढ़कर 1,293 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ महाराष्ट्र (बीओएम) का चालू वित्त वर्ष पहली तिमाही का शुद्ध लाभ 47 प्रतिशत बढ़कर 1,293 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। गैर-निष्पादित आस्तियों (एनपीए) में कमी तथा ब्याज आमदनी बढ़ने से बैंक का मुनाफा बढ़ा है।
पुणे के इस बैंक ने 2023-24 की अप्रैल-जून तिमाही में 882 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बैंक ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 6,769 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले समान तिमाही में 5,417 करोड़ रुपये थी।
तिमाही के दौरान बैंक की ब्याज आय 4,789 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,875 करोड़ रुपये रही।
बैंक की संपत्ति की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। समीक्षाधीन अवधि में बैंक का सकल एनपीए कुल कर्ज के 1.85 प्रतिशत पर आ गया, जो एक साल पहले समान तिमाही में 2.28 प्रतिशत था।
इसी तरह, बैंक का शुद्ध एनपीए भी 0.24 प्रतिशत से घटकर 0.20 प्रतिशत रह गया।
बैंक का पूंजी पर्याप्तता अनुपात 18.07 प्रतिशत से घटकर 17.04 प्रतिशत पर आ गया।
भाषा अजय अजय रमण
रमण

Facebook


