कर्ज माफी के भ्रामक दावे वाले अभियानों से सावधान रहें: आरबीआई

कर्ज माफी के भ्रामक दावे वाले अभियानों से सावधान रहें: आरबीआई

कर्ज माफी के भ्रामक दावे वाले अभियानों से सावधान रहें: आरबीआई
Modified Date: May 4, 2026 / 07:36 pm IST
Published Date: May 4, 2026 7:36 pm IST

मुंबई, चार मई (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को कर्ज माफी का झांसा देने वाले अनधिकृत और भ्रामक अभियानों से जनता को सावधान रहने को कहा। साथ ही ऐसे व्यक्तियों या संस्थाओं से दूर रहने की सलाह दी।

केंद्रीय बैंक ने कहा, “आरबीआई ने विभिन्न माध्यमों और प्रत्यक्ष संपर्क के जरिए कुछ व्यक्तियों और संस्थाओं द्वारा चलाए जा रहे ऐसे अभियानों के लगातार सामने आने पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।”

आरबीआई ने दिसंबर 2023 में जारी अपनी इसी तरह की चेतावनी को भी दोहराया।

केंद्रीय बैंक ने कहा कि ऐसे अभियान न केवल आम लोगों को गुमराह करते हैं, बल्कि देश की ऋण प्रणाली के सुचारु संचालन में भी बाधा डालते हैं।

इन अभियानों में बैंकों या गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) के बकाया ऋण माफ करने के झूठे वादे, कर्ज माफी प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज जारी करने का दावा और सेवा या कानूनी शुल्क के नाम पर लोगों से पैसे वसूलना शामिल है।

आरबीआई ने कहा, “यह दोहराया जाता है कि ऐसी सेवाएं देने का दावा करने वाले व्यक्तियों या संस्थाओं के सभी दावे झूठे और भ्रामक हैं तथा उनके खिलाफ लागू कानूनों के तहत उचित कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।”

केंद्रीय बैंक ने यह भी कहा कि ऐसी गतिविधियां वित्तीय संस्थानों की स्थिरता को कमजोर करती हैं, जमाकर्ताओं के हितों को प्रभावित करती हैं और ऐसे व्यक्तियों या संस्थाओं से जुड़ने पर सीधे वित्तीय नुकसान हो सकता है।

केंद्रीय बैंक ने कहा, “इसलिए आम जनता से अनुरोध है कि वे ऐसे व्यक्तियों या संस्थाओं से किसी भी प्रकार का संबंध न रखें और उनकी सेवाएं न लें। अपने ऋण से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए सीधे अपने वित्तीय संस्थानों से संपर्क करें।”

आरबीआई ने लोगों को सलाह दी है कि इस तरह के किसी भी भ्रामक अभियान की सूचना तुरंत संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों को दें।

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में