परिवहन, होटल व अन्य सेवा क्षेत्रों में तेज विस्तार से बिहार जीएसवीए वृद्धि दर में शीर्ष पर
परिवहन, होटल व अन्य सेवा क्षेत्रों में तेज विस्तार से बिहार जीएसवीए वृद्धि दर में शीर्ष पर
पटना, पांच फरवरी (भाषा) बिहार में परिवहन, भंडारण, संचार एवं प्रसारण के साथ ही होटल, रेस्तरां और अन्य व्यापारिक सेवा क्षेत्रों में तेजी से विस्तार हो रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव सकल राज्य मूल्य वर्धन (जीएसवीए) के आंकड़ों में दिखाई दे रहा है। अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय की उपनिदेशक रश्मि ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
‘दोगुना रोजगार, दोगुनी आय’ विषय पर आयोजित वित्त विभाग की बैठक में
उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में जीएसवीए वृद्धि दर के मामले में बिहार देश के शीर्ष सात राज्यों में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है।
रश्मि ने बताया कि इस क्षेत्र में बिहार की आर्थिक वृद्धि दर 9.68 प्रतिशत आंकी गई है, जबकि 7.40 प्रतिशत के साथ उत्तर प्रदेश दूसरे और 7.31 प्रतिशत के साथ पश्चिम बंगाल तीसरे स्थान पर है।
बैठक ‘सात निश्चय-3’ के तहत विकासात्मक एवं लोक कल्याणकारी नीतियों के अंतर्गत आगामी पांच वर्षों में प्रति व्यक्ति आय दोगुनी करने की रणनीतियों के मूल्यांकन के लिए आयोजित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रति व्यक्ति आय दोगुनी करने के लिए गठित समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य सचिव नवीन कुमार ने की।
उपनिदेशक रश्मि ने प्रस्तुति के दौरान कहा कि बिहार में जीएसवीए का बेहतर प्रदर्शन राज्य में परिवहन और संचार अवसंरचना के विकास के कारण संभव हुआ है, जो उत्पादन और वितरण प्रणाली के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) के अनुमान की पद्धति, पड़ोसी राज्यों के साथ बिहार की अर्थव्यवस्था की तुलनात्मक स्थिति तथा वित्त वर्ष 2001-02 से वित्त वर्ष 2024-25 तक प्रति व्यक्ति आय से जुड़े आंकड़ों को ‘पॉवर पॉइंट’ प्रस्तुति के माध्यम से प्रस्तुत किया।
उन्होंने समिति के सदस्यों को सकल राज्य मूल्य वर्धन में व्यापार, मरम्मत, होटल और रेस्तरां क्षेत्र के महत्वपूर्ण योगदान से भी अवगत कराया।
रश्मि ने बताया कि इस क्षेत्र में बिहार ने 14.55 प्रतिशत की वृद्धि दर के साथ शीर्ष सात राज्यों में दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि 17.12 प्रतिशत के साथ पश्चिम बंगाल पहले स्थान पर है।
भाषा कैलाश जितेंद्र योगेश अजय
अजय

Facebook


